गंगा के तेज बहाव में बहे दो कांवड़ यात्री, देर शाम तक नहीं मिला सुराग; आक्रोशित कांवड़ियों ने जाम लगाने का किया प्रयास(देखे वीडियो)
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
हरिद्वार। कांवड़ मेले के बीच शनिवार को नमामि गंगे घाट पर गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गंगा के तेज बहाव की चपेट में आने से दो कांवड़ यात्री बह गए। साथियों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज धारा के कारण दोनों का पता नहीं चल सका। सूचना मिलते ही जल पुलिस और प्रशिक्षित गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और दोनों की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। देर शाम तक दोनों कांवड़ यात्रियों का कोई सुराग नहीं मिल सका।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद कांवड़ियों में आक्रोश फैल गया। करीब 300 आक्रोशित कांवड़ियों ने चंडी वाले पुल पर जाम लगाने का प्रयास किया। कांवड़ियों का आरोप था कि हादसे के बाद उन्हें समय पर मदद नहीं मिली, जिसके चलते मौके पर कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए श्यामपुर थाना प्रभारी नितेश शर्मा और चंडी घाट चौकी प्रभारी देवेंद्र तोमर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

दोनों अधिकारियों ने संयम और सूझबूझ का परिचय देते हुए आक्रोशित कांवड़ियों से बातचीत की और उन्हें समझाकर शांत कराया। पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद कांवड़ियों ने जाम लगाने का प्रयास छोड़ दिया और अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए।

स्नान के दौरान तेज बहाव की चपेट में आए दोनों कांवड़ यात्री
बताया गया कि शनिवार को बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री हरिद्वार पहुंचकर गंगा स्नान कर रहे थे। इसी दौरान नमामि गंगे घाट पर स्नान करते समय दो कांवड़ यात्री अचानक गंगा के तेज बहाव में फंस गए और देखते ही देखते नदी में बह गए। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। साथ मौजूद कांवड़ियों ने दोनों को बचाने का प्रयास किया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही श्यामपुर थाना पुलिस और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।

जल पुलिस के गोताखोरों ने चलाया सघन सर्च ऑपरेशन
जल पुलिस के प्रशिक्षित गोताखोरों ने घटनास्थल के आसपास गंगा में सघन तलाशी अभियान चलाया। संभावित स्थानों पर काफी देर तक तलाश की गई, लेकिन दोनों कांवड़ यात्रियों का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद डाउनस्ट्रीम के संभावित क्षेत्रों में भी सर्च ऑपरेशन जारी रखा गया।

दोनों कांवड़ यात्रियों की हुई पहचान
श्यामपुर थाना प्रभारी नितेश शर्मा के अनुसार, गंगा के तेज बहाव में बहे दोनों कांवड़ यात्रियों की पहचान पंकज (22) निवासी ग्राम मेथरा, थाना बिसौली, जिला बदायूं और आनंद (19) निवासी भजनपुरा, थाना गोकुलपुरी, दिल्ली के रूप में हुई है।

दोनों कांवड़ यात्रा के लिए हरिद्वार पहुंचे थे।
फिलहाल पुलिस और जल पुलिस की टीमें दोनों कांवड़ यात्रियों की तलाश में लगातार जुटी हुई हैं। गंगा के तेज बहाव को देखते हुए संभावित स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।