ऑपरेशन प्रहार के तहत कलियर पुलिस की सख्त कार्रवाई, शांति भंग करने पर 5 गिरफ्तार
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
पिरान कलियर । पिरान कलियर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दरियापुर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक मकान को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर कहासुनी, गाली-गलौज और मारपीट की स्थिति पैदा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन दोनों पक्षों के लोग पुलिस के सामने भी झगड़ने पर उतारू रहे। स्थिति बिगड़ने और क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया।

एसएसपी के निर्देश पर असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान के तहत असामाजिक तत्वों और संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कलियर पुलिस ने ग्राम दरियापुर में विवाद के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका के चलते दोनों पक्षों के पांच लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने सभी के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126/135/170 के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया की।

दोनों पक्षों के पांच लोग पुलिस कार्रवाई की जद में
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोगों में प्रथम पक्ष के हारुन (28), शहबान (35) और समीर (21) शामिल हैं। वहीं, दूसरे पक्ष से रोहित कुमार (28) और राजेश कुमार (42) को गिरफ्तार किया गया है। सभी ग्राम दरियापुर, कोतवाली पिरान कलियर क्षेत्र के निवासी हैं।

शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों को पुलिस की सख्त चेतावनी
कलियर पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी संभावित अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। विवाद के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।