ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को 24 घंटे के भीतर दबोचा
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
पिरान कलियर। हरिद्वार पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत नाबालिग से दुष्कर्म के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने थाने पहुंचकर साहिल नाम के युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया और पीड़िता से थाना बाल कल्याण अधिकारी के समक्ष पूछताछ के बाद उसकी शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने मामले के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण और सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी बहादराबाद के निर्देशन में कार्रवाई की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ मैनुअल पुलिसिंग और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की मदद से आरोपी तक पहुंचने के प्रयास किए। पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी साहिल पुत्र इसराईल, निवासी इमाम साहब रोड, कलियर को धनोरी रोड स्थित डबल रोड से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की उम्र 20 वर्ष है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2), 64(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3(क)/4 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक महिपाल सैनी और हेड कांस्टेबल माजिद खान शामिल रहे। हरिद्वार पुलिस का कहना है कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले गंभीर अपराधों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कानूनी कदम उठाए जाएंगे।