महतावन में गन्ना विकास परिषद की कृषक चौपाल, किसानों को दी वैज्ञानिक खेती की जानकारी
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
काशीपुर। गन्ना विकास परिषद काशीपुर की ओर से ग्राम महतावन में शरदकालीन गन्ना बुवाई जागरूकता कार्यक्रम एवं कृषक चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को गन्ने की खेती में वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाने, उत्पादन बढ़ाने तथा खेती की लागत कम करने के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहायक निदेशक निलेश कुमार ने गन्ने के साथ सहफसली खेती करने और उन्नत बीज तैयार करने की तकनीकों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने किसानों को वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए प्रेरित किया।
गन्ना विकास परिषद काशीपुर के एससीडीआई बी.के. चौधरी ने कहा कि वर्तमान समय में वैज्ञानिक तकनीकों के माध्यम से कम लागत में अधिकतम गन्ना उत्पादन करना विभाग का प्रमुख लक्ष्य है। उन्होंने विभागीय योजनाओं, गन्ने की फसल में गैप फिलिंग, बीज तैयार करने की विधियों तथा कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने की तकनीकों के बारे में विस्तार से बताया।
वहीं, गन्ना विकास निरीक्षक वीरेंद्र कुमार मौर्य ने गन्ने की नवीनतम प्रजातियों, पेड़ी प्रबंधन और फसल को कीटों से सुरक्षित रखने के उपायों की जानकारी दी। गन्ना पर्यवेक्षक कृष्ण कुमार ने खाद गोदाम में उपलब्ध कीटनाशकों के संबंध में किसानों को अवगत कराया।

कार्यक्रम में किसानों को गन्ने की खेती में आधुनिक एवं वैज्ञानिक तरीकों को अपनाने, फसल प्रबंधन में सुधार करने और उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

इस अवसर पर दीपक कुमार शर्मा, भुवन चंद्र भट्ट, धीरज कुमार, सोमपाल सिंह, संतोष सिंह, बलवन सिंह, सुखवीर सिंह, योगेश भट्ट सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।