दरगाह कार्यालय में गोपनीयता भंग करने और कर्मचारियों को परेशान करने का आरोप, जॉइंट मजिस्ट्रेट से शिकायत
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
पिरान कलियर। पिरान कलियर स्थित दरगाह कार्यालय में कथित तौर पर गोपनीयता भंग करने, कर्मचारियों और सुपरवाइजर को परेशान करने तथा अवैध उगाही के आरोपों को लेकर नगर पंचायत पिरान कलियर के सभासद साकिब सिद्दीकी ने जॉइंट मजिस्ट्रेट रुड़की को प्रार्थना पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।.

शिकायत में निलंबित कर्मचारी सलीम अहमद उर्फ बिल्ला पर दरगाह कार्यालय की गोपनीयता भंग करने और कर्मचारियों व सुपरवाइजर को परेशान करने के आरोप लगाए गए हैं। वहीं, मोमिन अल्वी दलाल पर भी कथित तौर पर फर्जी खामीदारी के माध्यम से अवैध उगाही करने के आरोप लगाए गए हैं।

प्रार्थना पत्र में दावा किया गया है कि कुछ लोग दरगाह कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों को डराकर और नेताओं से संबंध होने का हवाला देकर कथित तौर पर अवैध वसूली कर रहे हैं। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि दरगाह कार्यालय के कामकाज को लेकर उच्च अधिकारियों से शिकायतें की जाती हैं और कर्मचारियों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है।
साकिब सिद्दीकी ने जॉइंट मजिस्ट्रेट से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और निलंबित कर्मचारी सलीम अहमद उर्फ बिल्ला तथा मोमिन अल्वी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायत में मोमिन अली द्वारा कथित फर्जी खामीदारी के जरिए पैसे लेने से संबंधित दस्तावेज संलग्न होने का भी उल्लेख किया गया है।

शिकायत की प्रतिलिपि दरगाह प्रबंधक साबिर पाक और तहसीलदार रुड़की को भी भेजी गई है। हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित पक्षों की प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।