ऑपरेशन स्माइल के तहत पुलिस ने तीन वर्षीय मासूम को परिजनों से मिलाया
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
पिरान कलियर । दरगाह पिरान कलियर क्षेत्र से लापता हुए तीन वर्षीय मासूम बच्चे को पुलिस ने ऑपरेशन स्माइल के तहत सकुशल बरामद कर उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से अपने बच्चे को वापस पाकर परिजनों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को आमिर खान पुत्र इकराम निवासी टोडा एतमाल, कोतवाली रुड़की, जिला हरिद्वार ने कोतवाली पिरान कलियर में सूचना दी कि उनका तीन वर्षीय पुत्र मोहम्मद शेख दरगाह क्षेत्र से कहीं लापता हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने बच्चे की तलाश के लिए टीम रवाना कर दी।
पुलिस टीम ने दरगाह क्षेत्र और आसपास के इलाकों में लाउडस्पीकर के माध्यम से बच्चे के लापता होने की सूचना प्रसारित कराई। साथ ही, परिजनों द्वारा उपलब्ध कराए गए बच्चे के फोटो के आधार पर उसकी तलाश शुरू की गई। तलाश के दौरान पुलिस टीम को दरगाह क्षेत्र में एक बच्चा अकेले घूमता हुआ दिखाई दिया। बच्चे का मिलान परिजनों द्वारा दिए गए फोटो से किया गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे सकुशल अपने संरक्षण में ले लिया।
इसके बाद बच्चे को कोतवाली पिरान कलियर लाया गया, जहां चाइल्ड वेलफेयर टीम के समक्ष प्रस्तुत कर आवश्यक पूछताछ की गई। पुलिस ने बच्चे के परिजनों को सूचना देकर कोतवाली बुलाया। परिजनों के पहुंचने पर बच्चे को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया। अपने बच्चे को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने पिरान कलियर पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार जताया।
इस सराहनीय कार्य में वरिष्ठ उपनिरीक्षक रमेश कुमार सैनी, उपनिरीक्षक योगेश कुमार, हेड कांस्टेबल इसरार अली, हेड कांस्टेबल जयप्रकाश और महिला कांस्टेबल मौसम शामिल रहे।
पुलिस की इस तत्परता से एक परिवार की खुशियां लौट आईं और ऑपरेशन स्माइल के तहत गुमशुदा बच्चों को उनके परिजनों से मिलाने के प्रयासों को एक और सफलता मिली।