अंकिता भंडारी प्रकरण: सीबीआई ने पूर्व विधायक सुरेश राठौर से की पूछताछ (देखे वीडियो)
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
हरिद्वार। अंकिता भंडारी प्रकरण में कथित वीआईपी के नाम को लेकर उठे विवाद की जांच के सिलसिले में सीबीआई की टीम शनिवार को हरिद्वार पहुंची। दिल्ली से आई जांच टीम ने पूर्व विधायक सुरेश राठौर से बीएचईएल के शिवालिक गेस्ट हाउस में करीब तीन घंटे तक पूछताछ की। पूछताछ पूरी होने के बाद टीम वापस दिल्ली लौट गई।
दरअसल, करीब छह माह पहले पूर्व विधायक सुरेश राठौर और खुद को उनकी पत्नी बताने वाली सहारनपुर निवासी अभिनेत्री उर्मिला सनावर के बीच मोबाइल पर हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग प्रसारित हुई थी। इस रिकॉर्डिंग में अंकिता भंडारी प्रकरण से जुड़े कथित वीआईपी का जिक्र कुछ भाजपा नेताओं के संदर्भ में किए जाने का दावा किया गया था। इसके बाद मामला राजनीतिक रूप से चर्चा में आ गया था। इस विवाद को लेकर हरिद्वार और देहरादून में सुरेश राठौर तथा उर्मिला सनावर के खिलाफ अलग-अलग मुकदमे दर्ज कराए गए थे। भाजपा के पूर्व प्रदेश प्रभारी और वर्तमान में सिक्किम के राज्यपाल दुष्यंत गौतम की ओर से भी एक मुकदमा दर्ज कराया गया था। विवाद बढ़ने के बाद मामले की सीबीआई जांच की संस्तुति की गई थी।
शनिवार को इसी जांच के क्रम में सीबीआई की टीम ने हरिद्वार पहुंचकर सुरेश राठौर से पूछताछ की और मामले से जुड़े तथ्यों को लेकर जानकारी जुटाई। पूछताछ के बाद मीडिया से बातचीत में पूर्व विधायक सुरेश राठौर ने कहा कि उन्होंने जांच में पूरा सहयोग किया है। उनके अनुसार, मामले से जुड़ी जो भी सच्चाई उन्हें पता है, वह उन्होंने सीबीआई को बता दी है। उन्होंने आगे भी जांच एजेंसी को पूरा सहयोग देने की बात कही। राठौर ने उम्मीद जताई कि सीबीआई जांच से मामले की सच्चाई सामने आएगी और दूध का दूध, पानी का पानी हो जाएगा।