नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में युवक गिरफ्तार, पुलिस की दबिश के बाद थाने पहुंचा आरोपी
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। पीड़िता के पिता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी। पुलिस के अनुसार, लगातार कार्रवाई के दबाव के बीच आरोपी स्वयं थाना सिडकुल पहुंचा, जहां पूछताछ के बाद उसे हिरासत में लेकर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर पुलिस ने तेज की कार्रवाई
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर नाबालिग से जुड़े इस गंभीर मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी की तलाश तेज कर दी। पुलिस के मुताबिक, 22 अक्टूबर को नेहरू कॉलोनी, सिडकुल निवासी एक व्यक्ति ने थाने में शिकायत देकर आरोप लगाया कि आदर्श यादव नामक युवक ने उसकी 15 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म किया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की।

दबिश के बाद खुद थाने पहुंचा आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी अजय शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की। पुलिस के अनुसार, इसके बाद आरोपी आदर्श यादव स्वयं थाना सिडकुल पहुंचा। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को स्वीकार किया। इसके बाद विवेचक ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया। पुलिस ने विवेचना के दौरान मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी भी की है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर का निवासी है आरोपी
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान आदर्श यादव पुत्र दशरथ सिंह यादव, निवासी ग्राम जलालपुर, पोस्ट माहपुर, थाना सैदपुर, जिला गाजीपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। आरोपी वर्तमान में नेहरू कॉलोनी, थाना सिडकुल, हरिद्वार में रह रहा था।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अजय शाह, उपनिरीक्षक मनीषा नेगी और कांस्टेबल गोपाल शामिल रहे। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और अग्रिम कानूनी कार्रवाई जारी है।