बारिश बनी काल! पुलिया पर खेल रही 6 साल की मासूम तेज बहाव में बही, लापता
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
हरिद्वार। सिडकुल क्षेत्र में सोमवार शाम हुई मूसलाधार बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। नाले की पुलिया पर खेल रही दो मासूम बच्चियां अचानक तेज पानी के बहाव की चपेट में आ गईं। हादसे में छह वर्षीय विधिका तेज बहाव में बहकर लापता हो गई, जबकि सात वर्षीय हिमानी को आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और मासूम की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। अंधेरा होने के बावजूद टीम ने नाले में काफी दूर तक तलाश अभियान चलाया, लेकिन देर रात तक बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल सका।

बताया गया कि विधिका के पिता गौतम कुमार मूलरूप से बिजनौर के ग्राम फरीदपुर मान उर्फ पपड़ावली के रहने वाले हैं और सिडकुल क्षेत्र की एक फैक्ट्री में काम करते हैं। उनका परिवार रावली महदूद में रहता है

जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम बारिश के दौरान विधिका और पड़ोस में रहने वाली सात वर्षीय हिमानी नाले की पुलिया पर खेल रही थीं।

इसी दौरान अचानक नाले का बहाव तेज हो गया और दोनों बच्चियां पानी की चपेट में आ गईं। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल प्रयास कर हिमानी को बाहर निकाल लिया, लेकिन विधिका तेज बहाव के साथ बह गई।

घटना की जानकारी मिलते ही सिडकुल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर बच्ची की तलाश शुरू की। सिडकुल थाना प्रभारी अजय शाह पुलिस टीम और एसडीआरएफ जवानों के साथ देर रात तक मौके पर डटे रहे।

थाना प्रभारी अजय शाह ने बताया कि दोनों बच्चियां अचानक तेज बहाव की चपेट में आई थीं। एक बच्ची को स्थानीय लोगों ने बचा लिया, जबकि दूसरी बच्ची की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी रखा गया। अंधेरा होने के बावजूद टीम ने देर रात तक नाले में तलाश अभियान चलाया।