तिथौला में भीषण सड़क हादसा: ई-रिक्शा में सवार एक ही परिवार के 13 लोग घायल, तीन की मौत
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
लंढौरा। तिथौला में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के 13 लोग हादसे का शिकार हो गए। पेट्रोल पंप के सामने सामने से आ रही एक कार ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने अरशद (30) और दिलशाद (30) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल आठ वर्षीय उमर ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे में तीन लोगों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।

हादसे में खतीजा, रिहाना, अमरिया, इनायत, आयत और अरहम गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी छह घायलों को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। जबकि अन्य घायलों का उपचार रुड़की सिविल अस्पताल में चल रहा है।

बताया गया कि ई-रिक्शा में मिलापनगर, ढंढेरा निवासी एक ही परिवार के 13 लोग सवार थे। सभी किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान तिथौला में पेट्रोल पंप के सामने सामने से आ रही कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।