अमृत लॉ कॉलेज में अचानक ढहा भवन का हिस्सा, मलबे में दबा PAC जवान
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
पिरान कलियर। अमृत लॉ कॉलेज, धनौरी में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कॉलेज परिसर में ठहरी पीएसी की एक प्लाटून के बीच बाथरूम की ओर बनी बिल्डिंग का एक हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे जा गिरा। हादसे के दौरान एक पीएसी जवान के मलबे में दबने की सूचना से मौके पर हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही कलियर कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी और धनौरी चौकी प्रभारी मुनव्वर हसन पुलिस टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस और राहत दल ने स्थिति का जायजा लेते हुए मलबे में दबे जवान को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

बताया जा रहा है कि अमृत लॉ कॉलेज में पीएसी की एक प्लाटून ठहरी हुई थी। इसी दौरान बाथरूम की तरफ बनी बिल्डिंग का हिस्सा अचानक ढह गया। देखते ही देखते मलबा नीचे आ गिरा और एक पीएसी जवान उसके नीचे दब गया।

पुलिस टीम ने राहत एवं बचाव कार्य तेज करते हुए कड़ी मशक्कत के बाद जवान को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घायल जवान को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है।

हादसे के बाद कॉलेज परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। बिल्डिंग का हिस्सा किन परिस्थितियों में गिरा और हादसे की वास्तविक वजह क्या रही, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।