गणपति विसर्जन के दौरान गंगा में बही 16 वर्षीय किशोरी, तलाश में जुटी पुलिस और जल पुलिस
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
हरिद्वार। गणपति विसर्जन के दौरान हरिद्वार में बड़ा हादसा हो गया। हरकी पैड़ी के सामने धोबीघाट के पास गंगा में गणपति प्रतिमा विसर्जित करते समय 16 वर्षीय किशोरी तेज बहाव की चपेट में आकर बह गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और किशोरी की तलाश में सर्च अभियान शुरू किया।

जानकारी के मुताबिक, देहरादून के डोईवाला क्षेत्र से श्रद्धालुओं का एक दल गणपति विसर्जन के लिए हरिद्वार पहुंचा था। दल के लोग हरकी पैड़ी के सामने धोबीघाट के पास गंगा में गणपति प्रतिमा का विसर्जन कर रहे थे। इसी दौरान दल में शामिल 16 वर्षीय प्रीति सैनी भी गंगा में पहुंच गई। बताया जा रहा है कि इसी दौरान अचानक पैर फिसलने अथवा गंगा के तेज बहाव की चपेट में आने से किशोरी अपना संतुलन खो बैठी और देखते ही देखते गंगा में बह गई। किशोरी के बहने पर साथ आए लोगों ने शोर मचाते हुए उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने गंगा के बहाव वाले क्षेत्र के साथ आसपास के घाटों पर भी किशोरी की तलाश शुरू की। देर शाम तक लगातार सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन किशोरी का कोई सुराग नहीं मिल सका।
शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने बताया कि 16 वर्षीय प्रीति सैनी गंगा में बहकर लापता हुई है। पुलिस और जल पुलिस की टीम उसकी तलाश में जुटी हुई है। गंगा के बहाव वाले क्षेत्रों में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है।