देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर भीषण हादसा, चार की मौत; तीन गंभीर घायल
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
डोईवाला। देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर बुधवार सुबह मणिमाई मंदिर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब देहरादून की ओर जा रहे एक पिकअप/लोडर वाहन का पिछला टायर अचानक निकल गया। टायर निकलने से वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे डिवाइडर से जा टकराया। इसी दौरान पीछे से आ रही ईको वैन भी अनियंत्रित वाहन से जा भिड़ी।

हादसे की सूचना बुधवार सुबह करीब 10:40 बजे पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही कोतवाली डोईवाला और चौकी हर्रावाला से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दोनों वाहनों में सवार कुल सात लोग हादसे में गंभीर रूप से घायल मिले।

पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को 108 एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया। उपचार के दौरान चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन घायलों का इलाज जारी है।

मृतकों की पहचान नरेश (42) पुत्र महावीर, निवासी टिकट वाली गली, रेलवे रोड, रोहतक, हरियाणा; विनोद, निवासी रोहतक, हरियाणा; विपेंद्र सिंह (35) पुत्र रामबरन सिंह, निवासी रेलवे रोड, हरियाणा और विक्की पुत्र रामभरोसे, निवासी ग्राम गिन्नौर, बदायूं, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर पिकअप वाहन का पिछला टायर निकलना हादसे की मुख्य वजह सामने आ रही है। घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।