758वें उर्स/मेला-2026 की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, प्रशासन ने कसी कमर
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
पिरान कलियर । दरगाह हज़रत साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स/मेला-2026 को भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियों की रफ्तार तेज कर दी है। देश-विदेश से आने वाले लाखों जायरीनों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि उर्स शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं हर हाल में पूरी कर ली जाएं। बैठक में अतिक्रमण हटाने से लेकर सुरक्षा, सफाई, बिजली, पेयजल, पार्किंग, चिकित्सा और यातायात व्यवस्था तक सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की गई।

जिला कार्यालय सभागार में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जिला कार्यालय सभागार में अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार की अध्यक्षता में 758वें सालाना उर्स/मेला-2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों ने अपनी-अपनी तैयारियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष उर्स का आयोजन 13/14 अगस्त से 03/04 सितंबर 2026 तक होगा। चांद दिखाई देने के बाद मेहंदी डोरी की रस्म के साथ उर्स का शुभारंभ होगा, जबकि मुख्य धार्मिक कार्यक्रम 24-25 अगस्त से 28-29 अगस्त तक आयोजित किए जाएंगे।

अतिक्रमण हटाने और समयबद्ध कार्यों पर विशेष जोर
बैठक में निर्देश दिए गए कि उर्स शुरू होने से पहले मेला क्षेत्र से सभी अवैध अतिक्रमण हटाकर जायरीनों के आवागमन के लिए सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा में अपने-अपने कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

इन व्यवस्थाओं की हुई विस्तृत समीक्षा
समीक्षा बैठक में अस्थायी कार्यालय, पुलिस चौकियां, जर्मन हैंगर, बैरिकेडिंग, अस्थायी दुकानें, विद्युत व्यवस्था, मोबाइल शौचालय, पार्किंग, साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा सेवाएं, अग्निशमन और सुरक्षा व्यवस्था सहित विभिन्न तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि अधिकांश कार्यों की ई-निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि शेष कार्यों को भी तेजी से अंतिम रूप दिया जा रहा है।

सुरक्षा, परिवहन और स्वास्थ्य सेवाओं पर भी विशेष फोकस
पुलिस विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था, अस्थायी पुलिस चौकियों की स्थापना, भीड़ नियंत्रण, जल पुलिस और मोटर बोट की तैनाती की योजना प्रस्तुत की। वहीं रेलवे एवं परिवहन विभाग ने अतिरिक्त ट्रेनों, शटल बसों और पार्किंग व्यवस्था की तैयारियों से अवगत कराया।
नगर पंचायत पिरान कलियर द्वारा साफ-सफाई, जल संस्थान द्वारा पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सकों, एंबुलेंस और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्था तथा अग्निशमन विभाग द्वारा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
"श्रद्धालुओं की सुविधा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता" : एडीएम
अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ने स्पष्ट कहा कि उर्स के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग नियमित समन्वय बनाए रखते हुए तय समय पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दें, ताकि 758वें सालाना उर्स/मेला-2026 का आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट और विधायक ने दिए महत्वपूर्ण सुझाव
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ ने विभागवार तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों से समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा करने की अपेक्षा जताई। वहीं पिरान कलियर विधायक फुरकान अहमद ने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए उर्स की सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने का आग्रह किया।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में नगर मजिस्ट्रेट हर गिरि, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, आरटीओ प्रवर्तन कृष्ण चंद्र पलारिया, उप नगर आयुक्त रुड़की अमरजीत कौर, तहसीलदार विकास अवस्थी, पुलिस विभाग के अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।