आंधी-तूफान और ओलावृष्टि से नुकसान का आकलन कर प्रभावितों को राहत दिलाएगा प्रशासन
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
हरिद्वार । जनपद हरिद्वार में शुक्रवार सुबह अचानक मौसम बदलने से कई क्षेत्रों में आंधी-तूफान और ओलावृष्टि के कारण नुकसान होने की सूचना मिली है।

इसे गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर नुकसान का आकलन करने और प्रभावित लोगों को नियमानुसार राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि अचानक बदले मौसम के कारण कई स्थानों पर किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है। वहीं, पेड़ गिरने से कुछ भवनों और सड़क मार्गों पर भी असर पड़ा है, जिससे कई स्थानों पर आवागमन बाधित होने की स्थिति उत्पन्न हुई है। उन्होंने संबंधित विभागों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को परेशानी का सामना न करना पड़े।

अवरुद्ध सड़कों को प्राथमिकता से खुलवाने के निर्देश
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन स्थानों पर पेड़ गिरने से सड़क मार्ग अवरुद्ध हुए हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर पेड़ों को हटाकर यातायात और आवाजाही सुचारू कराई जाए। इसके साथ ही क्षतिग्रस्त भवनों एवं अन्य प्रभावित स्थलों का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया जाए। आवश्यकता के अनुसार सुरक्षा एवं बचाव संबंधी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।

फसलों के नुकसान का सर्वे कर किसानों को दिलाया जाएगा मुआवजा
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित उप जिलाधिकारियों एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को ओलावृष्टि और तेज आंधी से किसानों की फसलों को हुए नुकसान का गंभीरता से आकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में फसलों की क्षति का सर्वेक्षण कर नियमानुसार रिपोर्ट तैयार करने को कहा, ताकि पात्र किसानों को निर्धारित प्रावधानों के अनुसार मुआवजा एवं राहत उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा सके। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि फसलों को हुए नुकसान के आकलन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने और जनजीवन सामान्य बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाएं।