अस्पतालों में मरीजों और तीमारदारों की सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश, डीएम ने दिए व्यवस्थाओं में सुधार के आदेश
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
हरिद्वार। जिला अस्पताल, चैन राय जिला महिला चिकित्सालय और मेला (उप जिला) चिकित्सालय में मरीजों और तीमारदारों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को व्यवस्थाओं में लगातार सुधार के निर्देश दिए हैं।

कलेक्ट्रेट रोशनाबाद स्थित अपने कार्यालय कक्ष में जिलाधिकारी ने जिला चिकित्सालय एवं मेला अस्पताल की चिकित्सा प्रबंधन समितियों की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने अस्पतालों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, आवश्यक संसाधनों और आगामी वित्तीय वर्ष के बजट प्रस्तावों की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अस्पतालों में उपचार के लिए आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों के बैठने के लिए पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही आवश्यक चिकित्सा उपकरण, औषधि, रसायन और सर्जिकल सामग्री की नियमानुसार उचित दरों पर खरीद की जाए, ताकि मरीजों को उपचार के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

मेला अस्पताल में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश
मेला अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी ने भवन के रंग-रोगन, रेलिंग, जनरेटर, सीसीटीवी कैमरों और अग्निशमन उपकरणों की मरम्मत सहित सैनिटाइजेशन एवं साफ-सफाई के लिए आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से इन कार्यों का एस्टीमेट तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा। डीएम ने मेला अस्पताल के आसपास और अस्पताल वाली सड़क के दोनों ओर किए गए अतिक्रमण को हटाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर और आसपास सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई की जाए।

बजट प्रस्तावों पर भी हुई चर्चा
बैठक में चिकित्सा प्रबंधन समितियों के वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। प्रमुख अधीक्षक एवं सचिव चिकित्सा प्रबंधन समिति जिला चिकित्सालय डॉ. राजेश गुप्ता तथा मेला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक शशिकांत ने संबंधित अस्पतालों के बजट प्रस्तावों और एजेंडे का विवरण जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया।
बैठक में प्रतिनिधि लोकसभा सांसद हरिद्वार बृजेश कुमार गुप्ता, राज्यसभा सांसद प्रतिनिधि राकेश शर्मा, विधायक हरिद्वार के प्रतिनिधि राजेश जोशी, मेयर नगर निगम हरिद्वार के प्रतिनिधि एवं पार्षद सचिन प्रसाद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके सिंह, नगर मजिस्ट्रेट हरिद्वार हर गिरी, वरिष्ठ कोषाधिकारी अजय कुमार, डॉ. नरेश चौधरी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।