नाबालिगों के हाथों में दोपहिया वाहन, परिवहन विभाग का चला डंडा; 20 स्कूटी-मोटरसाइकिल सीज (देखे वीडियो)
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
हरिद्वार। सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने नाबालिग विद्यार्थियों द्वारा दोपहिया वाहन चलाए जाने के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर जगजीतपुर क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों एवं आसपास के इलाकों में चलाए गए अभियान के दौरान 20 स्कूटी और मोटरसाइकिल सीज की गईं।

अभियान का नेतृत्व सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा ने किया। इस दौरान परिवहन विभाग की टीम ने स्कूल प्रशासन से भी वार्ता कर नाबालिग विद्यार्थियों के वाहन संचालन को रोकने के संबंध में जानकारी ली।

विद्यालय प्रशासन की ओर से बताया गया कि विद्यार्थियों के अभिभावकों को पहले ही नोटिस जारी कर बच्चों को स्कूटी या मोटरसाइकिल से स्कूल नहीं भेजने के लिए सूचित किया जा चुका था। इसके बावजूद कुछ विद्यार्थी दोपहिया वाहनों से विद्यालय पहुंच रहे थे और वाहनों को स्कूल के आसपास की गलियों में खड़ा कर रहे थे।

परिवहन विभाग की टीम ने विद्यालय प्रशासन को विश्वास में लेते हुए ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल 20 दोपहिया वाहन सीज किए गए। संबंधित विद्यार्थियों के अभिभावकों को भी कार्रवाई की जानकारी दी गई और बच्चों के स्कूल आने-जाने के लिए सुरक्षित एवं वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की गई।

अभियान में एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा, यातायात कर अधिकारी वरुणा सैनी और यातायात कर अधिकारी भारत भूषण भी मौजूद रहे।

परिवहन विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि निर्धारित आयु पूरी किए बिना और वैध ड्राइविंग लाइसेंस के अभाव में बच्चों को किसी भी प्रकार का मोटर वाहन चलाने की अनुमति न दें। विभाग के अनुसार नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना उनके साथ-साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए भी जोखिम पैदा कर सकता है।
विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा नियमों के पालन और नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन पर रोक लगाने के लिए प्रवर्तन अभियान आगे भी जारी रहेगा।