उर्स मेला 2026 को लेकर पुलिस ने होटल-गेस्ट हाउस संचालकों के साथ की बैठक (देखे वीडियो)
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
पिरान कलियर। आगामी उर्स मेला 2026 को सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर पिरान कलियर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक पिरान कलियर कमल मोहन भंडारी ने कलियर नगर पंचायत क्षेत्र के होटल एवं गेस्ट हाउस संचालकों के साथ गोष्ठी आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

गोष्ठी में उर्स मेले के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस-जन सहयोग को मजबूत करने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। पुलिस ने होटल एवं गेस्ट हाउस संचालकों से कहा कि किसी भी अजनबी व्यक्ति को बिना सत्यापन के कमरा न दिया जाए। साथ ही होटल परिसरों में आने-जाने वाले लोगों और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।

पुलिस अधिकारियों ने संचालकों को निर्देशित किया कि उर्स में आने वाले जायरीनों से निर्धारित एवं उचित किराया ही लिया जाए और उनसे अधिक किराया वसूल न किया जाए। इसके अलावा होटल संचालकों और आगंतुकों के वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा कराने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

प्रभारी निरीक्षक ने सभी होटल एवं गेस्ट हाउस संचालकों से आगामी उर्स मेला निर्विवाद एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। इस दौरान संचालकों से मेले की व्यवस्थाओं को लेकर अपेक्षित सुझाव भी लिए गए।
गोष्ठी में होटल एवं गेस्ट हाउस संचालकों ने पुलिस-जन सहयोग की भावना के साथ उर्स मेला 2026 को सकुशल संपन्न कराने में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।