जश्न-ए-ख़ैरुल वरा की तैयारियों के बीच AWN Foundation का गठन
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
रुड़की/पिरान कलियर। आगामी जश्न-ए-ख़ैरुल वरा (जश्न-ए-मिलाद) की तैयारियों के बीच धार्मिक, सामाजिक और जनकल्याणकारी गतिविधियों को अधिक संगठित रूप से संचालित करने के उद्देश्य से AWN Foundation के गठन की घोषणा की गई। संस्था के पदाधिकारियों ने इसे समाजसेवा, इंसानियत की ख़िदमत और युवाओं को सकारात्मक कार्यों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
इस संबंध में आयोजित बैठक में जश्न-ए-ख़ैरुल वरा के अंतर्गत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की गई। साथ ही सभी कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां भी तय की गईं।

बैठक को संबोधित करते हुए संस्था के जनरल सेक्रेटरी कुंवर शाहिद ने कहा कि पिछले छह वर्षों से अंजुमन ग़ुलामाने मुस्तफ़ा सोसाइटी के बैनर तले ब्लड डोनेशन कैंप, अस्पतालों में फल वितरण, महफ़िल-ए-समा एवं कव्वाली, लंगर और अन्य समाजसेवी कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहे हैं। इन आयोजनों का उद्देश्य ईद मिलादुन्नबी ﷺ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ इंसानियत, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देना रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ समय पूर्व स्वर्गीय हाजी शादाब साबरी तथा हाल ही में उनके वालिद के निधन के बाद यह महसूस किया गया कि किसी भी मिशन को लंबे समय तक आगे बढ़ाने के लिए एक सशक्त संस्था का होना आवश्यक है। इसी सोच के साथ AWN Foundation का गठन किया गया, ताकि समाजसेवा, दीनी गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य और जरूरतमंदों की सहायता जैसे कार्यों को व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सके।

कुंवर शाहिद ने स्पष्ट किया कि AWN Foundation किसी संस्था का विकल्प या प्रतिस्पर्धी मंच नहीं है, बल्कि समाजहित के कार्यों को अधिक सुव्यवस्थित तरीके से संचालित करने की एक सकारात्मक पहल है।
उन्होंने बताया कि संस्था के नाम को लेकर कई सुझावों पर विचार-विमर्श किया गया, जिसके बाद सर्वसम्मति से "AWN Foundation" नाम का चयन किया गया। अरबी शब्द "Awn (عون)" का अर्थ मदद, सहारा और सहायता होता है, जो संस्था के मूल उद्देश्य—इंसानियत की सेवा और सामाजिक सहयोग—को दर्शाता है।
जश्न-ए-ख़ैरुल वरा के कार्यक्रमों के लिए जिम्मेदारियां तय।

बैठक में आगामी आयोजनों के लिए निम्नलिखित जिम्मेदारियां सौंपी गईं—
मुकाबला-ए-नात-ए-पाक: अमजद उस्मानी (चीफ कॉर्डिनेटर), आरिफ नियाज़ी (सब कॉर्डिनेटर)
ब्लड डोनेशन कैंप: अनस गाज़ी एवं मुनीर आलम
फ्रूट डिस्ट्रीब्यूशन: शहज़ाद अहमद एवं मुनव्वर अली
जश्न-ए-मिलाद कार्यक्रम: आरिफ अली एवं कुंवर शाहिद
ज़ियारत-ए-मूए-मुबारक: गुड्डू साबरी एवं इनाम साबरी
प्रचार-प्रसार एवं मीडिया समन्वय: पत्रकार रियाज़ कुरैशी, आरिफ नियाज़ी एवं परवेज़ आलम।

बैठक में मौजूद सदस्यों ने विश्वास जताया कि AWN Foundation भविष्य में धार्मिक, सामाजिक, शैक्षिक, स्वास्थ्य एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यों को और व्यापक स्तर पर संचालित करेगी। साथ ही युवाओं को समाजसेवा और दीनी गतिविधियों से जोड़ने के लिए भी संस्था महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
बैठक के अंत में सभी लोगों से अपील की गई कि वे इंसानियत की ख़िदमत और सामाजिक सहयोग के इस मिशन को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
बैठक में आरिफ अली, मुमताज़ नक़वी, हैदर उर्फ़ आसिफ अली, रियाज़ कुरैशी, आरिफ नियाज़ी, गुड्डू साबरी, सलीम अली (पूर्व पार्षद पति), इनाम साबिर, अमजद उस्मानी, परवेज़ आलम, अनस गाज़ी, आसिफ अली, बिलाल ख़ान, मुनव्वर अली, मुनीर आलम, नसीम अहमद, राहिल अली, साहिल ख़ान, शान साबरी, वज़ीर अहमद, सैफ़ अली सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।