कांवड़ मेले की सफलता पर पुलिस फोर्स का सम्मान, 3 दिन के पारितोषिक अवकाश का ऐलान
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
हरिद्वार। श्रावण कांवड़ मेला-2026 के सफल आयोजन के बाद पुलिस फोर्स के उत्साहवर्धन और सम्मान के लिए मंगलवार शाम प्रेमनगर आश्रम स्थित हॉल में पुलिस प्रशासन की ओर से बड़े खाने एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस मुख्यालय एवं रेंज स्तर के आला अधिकारियों के साथ प्रशासनिक अधिकारी, पैरामिलिट्री फोर्स के अधिकारी-जवान, ट्रैफिक वालंटियर्स, एसपीओ, शहर के गणमान्य लोग और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह ने मुख्य अतिथि एडीजी कानून-व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन, आईजी एसटीएफ निलेश आनंद भरणे, आईजी कुंभ योगेंद्र सिंह रावत, आईजी रेंज राजीव स्वरूप, डीआईजी लॉ एंड ऑर्डर धीरेंद्र गुंज्याल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों एवं पैरामिलिट्री फोर्स के अधिकारियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।

एसएसपी ने प्रस्तुत की कांवड़ मेले की रिपोर्ट
कार्यक्रम की शुरुआत एसएसपी नवनीत सिंह द्वारा कांवड़ मेला-2026 से संबंधित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के साथ हुई। उन्होंने मेले के दौरान पुलिस की तैयारियों, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन और विभिन्न स्तरों पर किए गए कार्यों की जानकारी दी। रिपोर्ट के दौरान मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने तालियों की गड़गड़ाहट से पुलिस की मेहनत और सफल आयोजन की सराहना की।

ट्रेनी रिक्रूट्स के प्रदर्शन की हुई तारीफ
पुलिस मुख्यालय और रेंज स्तर से पहुंचे अधिकारियों ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह को कांवड़ मेले के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। अधिकारियों ने पहली बार कांवड़ मेले में ड्यूटी कर रहे ट्रेनी रिक्रूट्स के प्रदर्शन की विशेष रूप से सराहना की। अधिकारियों ने कहा कि ट्रेनी रिक्रूट्स ने अपनी पहली बड़ी ड्यूटी को जिम्मेदारी और मेहनत के साथ निभाते हुए बेहतर प्रदर्शन किया।

इसके साथ ही पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर यातायात व्यवस्था संभालने वाले ट्रैफिक वालंटियर्स और एसपीओ के योगदान की भी प्रशंसा की गई।

सराहनीय कार्य करने वालों को किया सम्मानित
समारोह के दौरान कांवड़ मेले में सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों, ट्रैफिक वालंटियर्स और एसपीओ को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ने पूरी फोर्स को सफल आयोजन के लिए बधाई दी और उनके समर्पण एवं मेहनत की सराहना की।

इस दौरान उन्होंने समस्त फोर्स के लिए तीन दिन के पारितोषिक अवकाश की घोषणा की। घोषणा होते ही समारोह स्थल तालियों की गूंज से भर गया।

पुलिस-प्रशासन की मेहनत से सफल रहा कांवड़ मेला
कांवड़ मेले के दौरान हरिद्वार में देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में कांवड़ यात्रियों के पहुंचने के बावजूद पुलिस एवं प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से संभाला। जलाभिषेक के बाद श्रावण कांवड़ मेला-2026 की औपचारिक समाप्ति की घोषणा की गई। इसके बाद मेले में तैनात फोर्स के उत्साहवर्धन के लिए यह सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में जनपद पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, पैरामिलिट्री फोर्स के अधिकारी एवं जवान, शहर के गणमान्य नागरिक और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे। सम्मान समारोह के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने साथ बैठकर लजीज भोजन का आनंद लिया।