लक्सर पुलिस ने राहगीर से लूटपाट करने वाले तीन आरोपियों को दबोचा, नकदी और मोबाइल बरामद
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
लक्सर । हरिद्वार जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। लक्सर कोतवाली पुलिस ने देर रात एक राहगीर को जबरन बाइक पर बैठाकर मारपीट करने और नकदी व मोबाइल फोन लूटने की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई 4200 रुपये की नकदी, सैमसंग A36 5G मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर लूट की घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पुलिस टीम गठित की गई थी। एसएसपी ने टीम को जल्द से जल्द घटना का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी के स्पष्ट निर्देश दिए थे। इसके बाद लक्सर पुलिस ने मैनुअल पुलिसिंग और डिजिटल माध्यमों से साक्ष्य जुटाते हुए संदिग्धों की तलाश तेज कर दी। लगातार चेकिंग और जानकारी जुटाने के बाद पुलिस ने 3 नवंबर 2026 को लक्सर क्षेत्र से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, 2 नवंबर 2026 को अनुज पुत्र गजे, निवासी ग्राम शिवगढ़, थाना पथरी, हरिद्वार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 1 नवंबर की देर रात तीन अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने उसे जबरन बाइक पर बैठाया और मारपीट करते हुए 5000 रुपये की नकदी तथा सैमसंग A36 5G मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर लक्सर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

महंगे शौक और निजी खर्च पूरे करने के लिए बनाते थे राहगीरों को निशाना
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे तीनों आपस में दोस्त हैं और अपने महंगे शौक तथा निजी जरूरतों को पूरा करने के लिए सुनसान रास्तों पर राह चलते लोगों को डराकर धमकाते थे। इसके बाद उनसे नकदी और कीमती सामान लूटकर आपस में बांट लेते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी बड़ी रकम मिलने के लालच में इस तरह की वारदातों को अंजाम देते थे।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
- अजय उर्फ बाबा पुत्र मेहर सिंह, निवासी ग्राम सूखेड़ी, थाना गंगोह, तहसील नकुड़, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश)।
- विशाल पुत्र सुभाष, निवासी ग्राम भट्टीपुर, थाना पथरी, जिला हरिद्वार।
- विक्की पुत्र सुरेश पाल, निवासी ग्राम दाबकी, कोतवाली लक्सर, जिला हरिद्वार।
पुलिस ने की ये बरामदगी
- कुल 4200 रुपये की लूटी गई नकदी।
- सैमसंग कंपनी का A36 5G मोबाइल फोन।
- घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें, जिनमें UK 08 BF-0998 और UK 08 AX-3928 शामिल हैं।
- वादी का आधार कार्ड।
- एक काले रंग का बैग।
बरामद नकदी में आरोपी अजय उर्फ बाबा से 1500 रुपये, विशाल से 1600 रुपये और विक्की से 1100 रुपये बरामद किए गए।

लक्सर पुलिस की टीम ने निभाई अहम भूमिका
लूट की घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश बिष्ट, उपनिरीक्षक वीरेंद्र सिंह नेगी (प्रभारी चौकी सुल्तानपुर), कांस्टेबल अजीत तोमर, जगत सिंह, नरेश नेगी और किशोर नेगी शामिल रहे।