आईआईटी रुड़की में दीक्षांत समारोह-2026 का आगाज, 1,277 स्नातकों को मिली डिग्री
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
रुड़की। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की (आईआईटी रुड़की) में दीक्षांत समारोह-2026 का दो दिवसीय आयोजन शनिवार से शुरू हुआ। समारोह के पहले दिन विभिन्न स्नातक कार्यक्रमों के 1,277 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं। इनमें 1,001 छात्र और 276 छात्राएं शामिल हैं।

समारोह में भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित कुमार डोभाल, केसी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और विद्यार्थियों को दीक्षांत संबोधन दिया। वहीं चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ एवं रक्षा मंत्रालय के सैन्य मामलों के विभाग के सचिव जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि विशिष्ट अतिथि रहे। समारोह की अध्यक्षता आईआईटी रुड़की बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष एवं पूर्व सॉलिसिटर जनरल एडवोकेट हरीश साल्वे ने की।

विभिन्न पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को मिली डिग्री
दीक्षांत समारोह के पहले दिन बी.आर्क., बी.टेक., इंटीग्रेटेड एम.टेक., ड्युअल एम.टेक., एम.एससी., बी.एस.-एम.एस. और बी.एस. सहित विभिन्न कार्यक्रमों के विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं।
आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. के.के. पंत ने कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों, उनके परिवारों, शिक्षकों और पूरे संस्थान के लिए गर्व का अवसर है। उन्होंने बताया कि इस दो दिवसीय समारोह में कुल 2,701 डिग्रियां प्रदान की जा रही हैं, जो संस्थान के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी संख्या है।

पहली बार BP-MS डिग्री प्रदान
संस्थान में पहली बार पांच वर्षीय ड्युअल डिग्री कार्यक्रम के तहत BP-MS डिग्री प्रदान की जा रही है। समारोह के दौरान श्रीवर्धन बालाजी को BP-MS केमिकल साइंसेज में प्रेसिडेंट गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया। इसके अलावा नवनित कुमार को डायरेक्टर गोल्ड मेडल, आशी जैन को भारत के राष्ट्रपति डॉ. शंकर दयाल शर्मा गोल्ड मेडल, रूपम तनेजा को इंस्टीट्यूट सिल्वर मेडल और सुकृत जिंदल को इंस्टीट्यूट ब्रॉन्ज मेडल प्रदान किया गया।

अजित डोभाल को ‘ऑनोरिस कौसा’ की उपाधि
समारोह में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित कुमार डोभाल को ‘ऑनोरिस कौसा’ उपाधि प्रदान की गई। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आईआईटी रुड़की शिक्षा, अनुसंधान और तकनीकी नवाचार के माध्यम से राष्ट्र के लिए महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे संस्थान से अर्जित ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज और राष्ट्र के व्यापक हित में करें।
हरीश साल्वे और CDS ने भी विद्यार्थियों को दी शुभकामनाएं
आईआईटी रुड़की बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष हरीश साल्वे ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह वर्षों के अध्ययन, अनुशासन और दृढ़ता की परिणति है। वहीं जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्र की प्रगति उसकी युवा पीढ़ी के ज्ञान, क्षमताओं और प्रतिबद्धता पर निर्भर करती है।

रैंकिंग और नवाचार में भी आईआईटी रुड़की की उपलब्धियां
आईआईटी रुड़की ने क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में वैश्विक स्तर पर 335वां और राष्ट्रीय स्तर पर 7वां स्थान हासिल किया है। इंडिया रैंकिंग 2025 में संस्थान को ओवरऑल 7वां और इंजीनियरिंग में 6वां स्थान मिला है।

संस्थान की ओर से 136 पेटेंट आवेदन दाखिल किए गए, जबकि 144 पेटेंट स्वीकृत हुए। इसके साथ ही 11 फैकल्टी-नेतृत्व वाले स्टार्टअप की स्थापना में भी संस्थान ने सहयोग किया है।
20 सितंबर को होगा दीक्षांत समारोह का दूसरा दिन
दीक्षांत समारोह के दूसरे दिन 20 सितंबर को 1,424 स्नातकोत्तर एवं पीएचडी विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। दो दिनों में कुल 2,701 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान कर आईआईटी रुड़की अपने शैक्षणिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज करेगा।