चलती ट्रेन में मोबाइल लूटने वाले और साधु बनकर बैग चोरी करने वाला गिरफ्तार, जीआरपी की दोहरी कार्रवाई में तीन शातिर दबोचे
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
हरिद्वार। कांवड़ मेले की भारी भीड़ और चलती ट्रेनों में यात्रियों की असावधानी का फायदा उठाकर वारदातों को अंजाम देने वाले तीन शातिर अपराधियों को जीआरपी हरिद्वार ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए लूटा और चोरी किया गया सामान बरामद कर तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जिला कारागार भेज दिया गया।

जीआरपी कप्तान अरुणा भारती के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी जीआरपी अनुज कुमार के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई को हरिद्वार जीआरपी की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। कप्तान ने कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम की सराहना करते हुए अपराधियों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त अभियान जारी रखने की बात कही।

चलती ट्रेन में डंडा मारकर छीना मोबाइल
पहले मामले में एक अगस्त को ऋषिकेश निवासी बृजेश कुमार ट्रेन के दरवाजे पर बैठकर मोबाइल चला रहे थे। मोतीचूर रेलवे स्टेशन के पास झाड़ियों में छिपे दो बदमाशों ने उनके हाथ पर बांस का डंडा मारकर मोबाइल नीचे गिरा दिया और मोबाइल उठाकर फरार हो गए।

घटना के खुलासे के लिए जीआरपी इंस्पेक्टर बिपिन पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद ली। इसके बाद मोतीचूर रेलवे स्टेशन के पास से रवि श्रीवास्तव उर्फ काका और शिवलाल को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे से करीब 30 हजार रुपये कीमत का Motorola Edge 50 Pro मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल किया गया बांस का डंडा बरामद हुआ। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी शिवलाल पहले भी लूट और अवैध चाकू रखने के मामलों में जेल जा चुका है।

साधु का भेष बनाकर उड़ाया बैग, पीछा कर दबोचा गया आरोपी
दूसरे मामले में चार अगस्त को कनखल निवासी अविनाश चौहान हरिद्वार रेलवे स्टेशन के गेट नंबर-6 के पास अपनी मोटरसाइकिल पर बैग रखकर नाश्ता करने गए थे। इसी दौरान भगवा वस्त्र पहनकर साधु के वेश में घूम रहा एक व्यक्ति बैग उठाकर फरार हो गया।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और शिकायतकर्ता ने तुरंत पीछा कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान पंजाब के लुधियाना निवासी जगमोहन के रूप में हुई। उसके कब्जे से करीब 32 हजार रुपये कीमत का Redmi टैबलेट, Redmi स्मार्ट पेन और राशन कार्ड बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी कांवड़ मेले की भीड़ में साधु का भेष धारण कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।

यात्रियों से पुलिस की अपील
जीआरपी ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जिला कारागार भेज दिया गया।
पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन के दरवाजे या खिड़की के पास बैठकर मोबाइल का इस्तेमाल न करें तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने सामान की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतें।

कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रीति कर्णवाल, उपनिरीक्षक नीरज जोशी, उपनिरीक्षक गौरव नेगी (आरपीएफ), अपर उपनिरीक्षक कैलाश नाथ, हेड कांस्टेबल दिनेश पंवार, पृथ्वी नेगी, कैलाश रावत, रविंद्र गिरी, कांस्टेबल नैथानियल भट्टी, जोगिंदर, संदीप राणा, अभिषेक, मुकेश तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।