बेखौफ बदमाशों का तांडव, बाइक मिस्त्री की गोली मारकर हत्या (देखे वीडियो)
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
हरिद्वार। बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र के शांतरशाह में सोमवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब तीन नकाबपोश बदमाशों ने दुकान पर बैठे 26 वर्षीय बाइक मिस्त्री हैप्पी को गोली मार दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और स्थानीय लोग उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन हालत गंभीर होने के चलते हायर सेंटर ले जाते समय उसकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, हैप्पी शांतरशाह में अपनी मोटरसाइकिल की दुकान पर बैठा हुआ था। इसी दौरान तीन नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे और अचानक उस पर दो गोलियां चला दीं। गोली लगते ही हैप्पी लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। अचानक हुई फायरिंग की आवाज से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। हालांकि, हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

मौत की खबर से परिवार में मचा कोहराम
हैप्पी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV फुटेज खंगाल रही टीम
घटना की सूचना मिलते ही बहादराबाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह, एसएसआई अशोक सिरसवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

हमलावरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस बदमाशों के आने-जाने के रास्तों और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।

फिलहाल गोलीकांड के पीछे की वजह क्या थी और वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश कौन थे, पुलिस इन सवालों के जवाब तलाशने में जुटी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर आरोपितों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।