दीपावली से पहले रुड़की प्रशासन अलर्ट, रामनगर बाजार में संयुक्त मजिस्ट्रेट ने किया निरीक्षण.
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
रुड़की। आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए रुड़की प्रशासन ने बाजारों में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की श्री दीपक रामचंद्र शेट के नेतृत्व में सीओ रुड़की पुलिस, तहसीलदार रुड़की एवं नगर निगम की संयुक्त टीम ने मुख्य बाजार रामनगर सहित आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान बाजार में अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लेते हुए व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट ने दुकानदारों एवं व्यापारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपनी दुकानों के बाहर अनावश्यक रूप से सामान न रखें और सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखें। उन्होंने कहा कि बाजार में अतिक्रमण के कारण आमजन को आवागमन में परेशानी होती है, ऐसे में त्योहार के दौरान इस तरह की अव्यवस्था को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

संयुक्त मजिस्ट्रेट ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि दीपावली के दौरान बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी की जाए। साथ ही आमजन की सुविधा, सुरक्षा और बाजारों में व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

प्रशासन का उद्देश्य दीपावली पर्व के दौरान बाजारों में सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करना है। त्योहार को देखते हुए बाजारों में निरीक्षण और निगरानी का सिलसिला लगातार जारी रहेगा।