करोड़ों की आय, व्यवस्था जीरो! पहली ही बारिश में तालाब बना साबिर पाक दरगाह परिसर (देखे वीडियो)
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
पिरान कलियर। हज़रत साबिर पाक दरगाह में देर रात से हुई मूसलाधार बारिश ने व्यवस्थाओं की तैयारियों की पोल खोलकर रख दी। लगातार बारिश के चलते दरगाह परिसर, मुख्य मार्ग और आसपास का क्षेत्र पानी से लबालब भर गया। हालात ऐसे बने कि बारिश का पानी सीधे दरगाह परिसर के अंदर तक पहुंच गया, जिससे ज़ियारत के लिए आए अकीदतमंदों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों और वीडियो में दरगाह परिसर तालाब जैसी स्थिति में नजर आया, जिसे लेकर लोगों में नाराज़गी देखने को मिली।

अकीदतमंदों का कहना है कि दरगाह से हर वर्ष करोड़ों रुपये की आय होने के बावजूद बारिश के मौसम से निपटने के लिए स्थायी और प्रभावी इंतजाम नहीं किए गए। उनका आरोप है कि बरसात से पहले जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने और नालों की सफाई के दावे तो किए जाते हैं, लेकिन पहली ही तेज बारिश में सभी व्यवस्थाओं की हकीकत सामने आ जाती है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, दरगाह के आसपास के कई नालों की समय पर सफाई नहीं होने के कारण बारिश के पानी की निकासी प्रभावित हुई, जिससे पानी दरगाह परिसर और मुख्य मार्गों पर भर गया। वर्ष 2022 में भी इसी तरह जलभराव की स्थिति बनी थी, लेकिन इसके बाद भी स्थायी समाधान की दिशा में कोई प्रभावी कदम दिखाई नहीं दिया।

जलभराव के दौरान ज़ियारत के लिए पहुंचे जायरीनों के घुटनों तक भरे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। कई लोगों को घंटों तक परेशानी झेलनी पड़ी। लोगों का कहना है कि लाखों अकीदतमंदों की आस्था से जुड़े इस ऐतिहासिक धार्मिक स्थल पर हर वर्ष इस तरह की स्थिति बनना गंभीर चिंता का विषय है।

जायरीनों और स्थानीय नागरिकों ने दरगाह प्रशासन तथा संबंधित विभागों से मांग की है कि बरसात के मौसम को देखते हुए जलनिकासी व्यवस्था को स्थायी रूप से मजबूत किया जाए, ताकि भविष्य में दरगाह आने वाले जायरीनों को ऐसी कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।