अमजद सभासद की पहल लाई रंग, पिरान कलियर चौराहे के खराब CCTV कैमरे हुए चालू
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
पिरान कलियर। पिरान कलियर वार्ड नंबर-1 के सभासद अमजद अली की पहल आखिरकार रंग लाई है। पिरान कलियर चौराहे पर कई महीनों से खराब पड़े CCTV कैमरे अब चालू हो गए हैं। खास बात यह है कि ये कैमरे कांवड़ यात्रा से पहले ही खराब पड़े थे, जिसके चलते चौराहे की निगरानी व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।

सभासद अमजद अली ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया था कि पिरान कलियर चौराहे पर लंबे समय से CCTV कैमरे खराब हैं और इसकी जानकारी दिए जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था।

मामला संज्ञान में आने के बाद अब CCTV कैमरों को दुरुस्त कर चालू कर दिया गया है। कैमरे शुरू होने से पिरान कलियर चौराहे सहित आसपास के क्षेत्र में निगरानी व्यवस्था पहले के मुकाबले मजबूत होने की उम्मीद है।

कांवड़ यात्रा से पहले खराब थे कैमरे, अब हुए दुरुस्त
पिरान कलियर में कांवड़ यात्रा और अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है। ऐसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में CCTV कैमरों का लंबे समय तक खराब रहना निगरानी के लिहाज से महत्वपूर्ण विषय था। अब कैमरे चालू होने से यातायात व्यवस्था, सुरक्षा और किसी भी घटना की स्थिति में निगरानी में पुलिस को मदद मिलने की उम्मीद है।

सभासद अमजद अली की शिकायत के बाद कैमरों का चालू होना क्षेत्र के लोगों के लिए राहत की बात है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिरान कलियर जैसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में CCTV कैमरों का चालू रहना सुरक्षा व्यवस्था के लिए बेहद जरूरी है।

अमजद अली ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी क्षेत्र की समस्याओं पर संबंधित विभाग इसी तरह गंभीरता से कार्रवाई करेंगे, जिससे पिरान कलियर के लोगों और यहां आने वाले जायरीनों को बेहतर सुरक्षा एवं सुविधाएं मिल सकें।