अर्द्धकुंभ की मैपिंग के लिए आया ₹40 लाख का ड्रोन लापता, मचा हड़कंप
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
हरिद्वार। अर्द्धकुंभ की तैयारियों के बीच हरिद्वार में करीब 40 लाख रुपये कीमत का एक अत्याधुनिक ड्रोन लापता होने से हड़कंप मच गया है। मैपिंग के काम के लिए हरिद्वार लाया गया यह ड्रोन उड़ान भरने के बाद अचानक गायब हो गया। उसकी आखिरी लोकेशन उत्तरी हरिद्वार के भूपतवाला क्षेत्र में मिली। काफी खोजबीन के बावजूद ड्रोन का पता नहीं चलने पर मामला शहर कोतवाली पहुंच गया है।

अर्द्धकुंभ की तैयारियों के तहत मैपिंग समेत अन्य तकनीकी कार्यों की जिम्मेदारी आईआईटी रुड़की को सौंपी गई थी। इसी कार्य के लिए करीब 40 लाख रुपये कीमत का ड्रोन हरिद्वार लाया गया था। उड़ान के दौरान ड्रोन से संपर्क टूट गया और उसकी आखिरी लोकेशन भूपतवाला क्षेत्र में दर्ज हुई। इसके बाद उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।

जंगल में गिरा या कोई लेकर चला गया?
महंगे ड्रोन के अचानक लापता होने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि ड्रोन जंगल में कहीं गिर गया होगा या फिर जंगल से सटे रिहायशी इलाके में गिरने के बाद कोई उसे उठाकर ले गया होगा। हालांकि, अभी तक ड्रोन के लापता होने की असल वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।