ऑपरेशन प्रहार: पटेलनगर पुलिस का अपराध और नशे के खिलाफ बड़ा एक्शन, तीन मामलों में 4 आरोपी गिरफ्तार
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
देहरादून। ऑपरेशन प्रहार के तहत पटेलनगर पुलिस ने नशे के कारोबार और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ एक साथ तीन मोर्चों पर कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में 12.35 ग्राम स्मैक और 374 ग्राम अवैध चरस बरामद की। वहीं, सड़क किनारे लेटे व्यक्ति को निशाना बनाकर चोरी करने के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पीली धातु की अंगूठी, 1500 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई।

एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर जिले में नशे की तस्करी, बिक्री, चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पटेलनगर पुलिस ने संदिग्धों की निगरानी और चेकिंग बढ़ाते हुए तीन अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की।

कबाड़ी पुल के पास 12.35 ग्राम स्मैक के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार
पटेलनगर पुलिस की टीम कबाड़ी पुल के पास कबाड़ी बाजार की ओर जाने वाली नई सड़क पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों में नजर आए एक व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई।
तलाशी में उसके पास से 12.35 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। आरोपी की पहचान सब्बीर उर्फ बुच्चन (34) पुत्र मुस्तफा, निवासी लोहिया नगर, पटेलनगर, देहरादून के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली पटेलनगर में NDPS Act के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास के साथ-साथ यह भी पता लगाने में जुटी है कि स्मैक कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

सड़क किनारे लेटे व्यक्ति को बनाया निशाना, दो युवक गिरफ्तार
पटेलनगर पुलिस ने चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए विवेक चौधरी (22) और मोहित शुक्ला (20) को सण्डे मार्केट ग्राउंड के बाहर, आईएसबीटी के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, 13 सितंबर को कानपुर निवासी एक महिला ने शिकायत दी थी कि उसके पति सतीश को एक अज्ञात ऑटो चालक द्वारा नशीला पदार्थ खिलाकर उनका एटीएम और नकदी चोरी कर ली गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सुरागों और संदिग्ध गतिविधियों की पड़ताल की। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी फैक्ट्री में काम करते हैं। 13 सितंबर को छुट्टी के बाद बाइक से घर लौटते समय उन्हें टर्नर रोड स्थित बीएसएनएल कार्यालय के सामने सड़क किनारे एक व्यक्ति लेटा दिखाई दिया। पुलिस के अनुसार, व्यक्ति के हाथ में अंगूठी और गले में चेन देखकर दोनों ने चोरी की योजना बनाई और मौका पाकर उसके पास से चेन, अंगूठी और नकदी निकाल ली। भागते समय चेन रास्ते में गिर गई, जिसे आरोपियों ने बाद में तलाशने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मिली।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीली धातु की अंगूठी, 1500 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

374 ग्राम चरस के साथ आरोपी गिरफ्तार, 13 मुकदमों का रिकॉर्ड सामने आया
पटेलनगर पुलिस की तीसरी कार्रवाई शिमला बाईपास रोड पर गोरखपुर तिराहे के पास हुई। चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध गतिविधि के आधार पर एक व्यक्ति को रोककर तलाशी ली। तलाशी में उसके कब्जे से 374 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। आरोपी की पहचान तैय्यब (25) पुत्र इकबाल, निवासी चन्दाताल, मेहूंवाला, पटेलनगर, देहरादून के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी जेल जा चुका है। जांच में उसके खिलाफ वर्ष 2021 से 2025 के बीच पटेलनगर कोतवाली में कुल 13 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। इनमें आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम, चोरी और बीएनएस की विभिन्न धाराओं से संबंधित मामले शामिल हैं।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी चरस कहां से लेकर आया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
पुलिस की दो टूक—नशे और अपराध के खिलाफ जारी रहेगा अभियान
पटेलनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेश सिंह राठौड़ ने बताया कि क्षेत्र में नशे की तस्करी और आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि ऑपरेशन प्रहार के तहत नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के साथ-साथ चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई जारी रहेगी। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनके संपर्कों और संभावित नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक ने आमजन से अपील की कि क्षेत्र में नशे की तस्करी अथवा कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस का कहना है कि अपराध और नशे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।