पुलिस लाइन में धूमधाम से मनाया गया तीज उत्सव, 250 से अधिक महिलाओं ने लिया हिस्सा
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
हरिद्वार। पुलिस लाइन हरिद्वार में तीज पर्व हर्षोल्लास और पारंपरिक रंगों के साथ मनाया गया। समारोह में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के परिवारों की महिलाओं के साथ पुलिस लाइन की महिला कर्मियों ने भी उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में 250 से अधिक महिलाओं की भागीदारी रही।

समारोह की मुख्य अतिथि असिस्टेंट कमिश्नर सेल टैक्स श्रीमती दीपशिखा भुल्लर रहीं। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता महिलाओं को सम्मानित करते हुए सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और तीज पर्व की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान मेहंदी प्रतियोगिता में मिस रेशमा ने प्रथम, प्रिया ने द्वितीय और भावना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं तीज क्वीन प्रतियोगिता में मोनिका प्रथम, योगिता द्वितीय और पल्लवी तृतीय स्थान पर रहीं।
इसके अलावा डांस, सवाल-जवाब सहित विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं ने भी समारोह में खूब रंग जमाया।

पारंपरिक वेशभूषा, मेहंदी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे आयोजन को तीज के रंग में रंग दिया। प्रतियोगिताओं में शामिल अन्य महिलाओं का भी उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।

परिवारों के साथ पहुंचे बच्चों ने भी कार्यक्रम का जमकर आनंद लिया।
आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को तीज की पारंपरिक रस्मों, लोक संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना भी रहा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि दीपशिखा भुल्लर ने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आपसी मेल-जोल, भाईचारे और सौहार्द को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं।

समारोह का संचालन उपनिरीक्षक अंजना चौहान ने किया। पूरे आयोजन के दौरान पुलिस परिवारों की महिलाओं में उत्साह और उमंग देखने को मिली। तीज समारोह ने पुलिस परिवारों के बीच अपनत्व, आपसी मेल-जोल और सौहार्द की भावना को और मजबूत किया।