जिला योजना समिति चुनाव: हरिद्वार में सियासी हलचल तेज, 13 पदों पर 25 दावेदारों के नामांकन वैध
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में जिला योजना समिति के सदस्यों के निर्वाचन को लेकर चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। जिले के पांच नगर निकायों में नामांकन पत्रों की जांच के बाद कुल 25 नाम-निर्देशन पत्र वैध पाए गए हैं। खास बात यह है कि इन पांचों निकायों में जिला योजना समिति के सदस्यों के कुल 13 पदों के लिए दावेदारों की संख्या 25 पहुंच गई है, जिससे कई सीटों पर मुकाबले के आसार बन गए हैं।

सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, पंचास्थानि चुनावालय हरिद्वार की ओर से जारी विवरण के अनुसार, यह प्रक्रिया राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखंड, देहरादून की 9 अक्टूबर 2026 को जारी अधिसूचना के अनुपालन में पूरी की गई। 13 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच के बाद वैध प्रत्याशियों की सूची निर्धारित प्रपत्र-5 में जारी की गई।

रुड़की नगर निगम में सबसे ज्यादा दावेदार
जारी आंकड़ों के मुताबिक, नगर निगम रुड़की में जिला योजना समिति के सदस्यों के पांच पदों के सापेक्ष 13 नामांकन पत्र वैध पाए गए हैं। वहीं, नगर निगम हरिद्वार में पांच पदों के लिए छह नामांकन पत्र वैध घोषित किए गए हैं। इन दोनों नगर निगमों में कुल 10 पदों के लिए 19 वैध नामांकन पत्र सामने आए हैं।
तीन निकायों में एक-एक पद पर दो-दो दावेदार
नगर पालिका परिषद मंगलौर, नगर पालिका परिषद लक्सर और नगर पंचायत पिरान कलियर में भी जिला योजना समिति के सदस्यों के निर्वाचन को लेकर मुकाबले की स्थिति बनती दिखाई दे रही है। मंगलौर में एक पद के लिए दो, लक्सर में एक पद के लिए दो और पिरान कलियर में एक पद के लिए दो नामांकन पत्र वैध पाए गए हैं।

13 पदों के लिए 25 वैध नामांकन
पांचों नगर निकायों के आंकड़ों पर नजर डालें तो हरिद्वार नगर निगम में छह, रुड़की नगर निगम में 13, मंगलौर नगर पालिका में दो, लक्सर नगर पालिका में दो और पिरान कलियर नगर पंचायत में दो नामांकन पत्र वैध पाए गए हैं। इस तरह कुल 13 पदों के सापेक्ष 25 वैध नामांकन दर्ज किए गए हैं। निर्वाचन से संबंधित यह जानकारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, पंचास्थानि चुनावालय हरिद्वार आर.आर. थपलियाल की ओर से जारी की गई है। अब इन वैध नामांकनों के आधार पर जिला योजना समिति के चुनाव की आगे की प्रक्रिया पर निगाहें टिकी हैं।