लक्सर में ट्रांसफार्मर से तेल चोरी करने वाले गैंग का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

लक्सर में ट्रांसफार्मर से तेल चोरी करने वाले गैंग का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार ।  लक्सर क्षेत्र में पुलिस ने ट्रांसफार्मर से तेल चोरी करने वाले एक शातिर गैंग का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 240 लीटर ट्रांसफार्मर तेल, एक बाइक और एक कार भी बरामद की गई है, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने क्षेत्र में लगातार चेकिंग अभियान चलाया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसके बाद 19 अप्रैल 2026 को पुलिस को बड़ी सफलता मिली, जब एक संदिग्ध को 240 लीटर ट्रांसफार्मर तेल के साथ पकड़ लिया गया।


कोतवाली लक्सर पुलिस के अनुसार, 15 फरवरी 2026 को 33/11 केवी विद्युत उपसंस्थान लक्सर के अवर अभियंता द्वारा शिकायत दी गई थी कि नंदपुर रायसी निवासी अनुज के नलकूप पर लगे ट्रांसफार्मर से अज्ञात लोगों ने तेल चोरी कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पूछताछ में आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर रात के समय खेतों और सुनसान जगहों पर लगे ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी करने की बात कबूल की। पुलिस के अनुसार, चोरी के लिए इस्तेमाल की जा रही TVS Apache बाइक और Hyundai Eon कार भी बरामद की गई हैं।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान आशू (24 वर्ष), निवासी ग्राम महाराजपुर खुर्द, कोतवाली लक्सर के रूप में हुई है। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और क्षेत्र में निगरानी और तेज कर दी गई है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अजय कुमार, हेड कांस्टेबल रविंद्र नागर, कांस्टेबल महेंद्र सिंह, अनिल वर्मा और राजेंद्र सिंह शामिल रहे।