प्रेस क्लब हरिद्वार में चुनावी हलचल तेज, चुनाव आयोग ने संभाली कमान

प्रेस क्लब हरिद्वार में चुनावी हलचल तेज, चुनाव आयोग ने संभाली कमान

हरिद्वार। प्रेस क्लब हरिद्वार के वार्षिक चुनाव की औपचारिक घोषणा के साथ ही क्लब परिसर में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को मुख्य चुनाव अधिकारी प्रदीप गर्ग के नेतृत्व में तीन सदस्यीय चुनाव आयोग ने विधिवत कार्यभार संभाल लिया।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद चुनाव आयोग ने चुनाव कार्यालय में व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। मुख्य चुनाव अधिकारी प्रदीप गर्ग ने बताया कि सहायक चुनाव अधिकारी के रूप में मनोज कुमार सोही और लव शर्मा को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो पूरी चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराएंगे। नामांकन से लेकर मतदान और मतगणना तक के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया है, जिसमें गुलशन नैयर, डॉ. प्रदीप जोशी और परमजीत सिंह राना शामिल हैं। यह समिति चुनावी गतिविधियों पर नजर रखेगी और किसी भी विवाद की स्थिति में समन्वय स्थापित करेगी।


इसी क्रम में निवर्तमान अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी और महामंत्री दीपक मिश्रा ने चुनाव अधिकारी को मतदाता सूची सौंप दी है। मतदाता सूची को प्रेस क्लब के नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दिया गया है, ताकि सदस्य उसका अवलोकन कर आवश्यक आपत्तियां दर्ज करा सकें। प्रेस क्लब के संविधान के अनुसार 31 मार्च तक चुनाव कराना अनिवार्य है। ऐसे में जल्द ही चुनाव कार्यक्रम घोषित किया जाएगा, जिसमें नामांकन, जांच, नाम वापसी, मतदान और मतगणना की तिथियां तय की जाएंगी।
इस बार कुल 120 अधिकृत सदस्य मतदान में हिस्सा लेंगे। चुनाव की घोषणा के साथ ही संभावित प्रत्याशियों ने सक्रियता बढ़ा दी है और अपने-अपने समर्थकों से संपर्क साधना शुरू कर दिया है।
प्रेस क्लब में अध्यक्ष, महामंत्री समेत अन्य पदों के लिए इस बार भी मुकाबला दिलचस्प रहने की संभावना है। चुनाव आयोग की सक्रियता के बीच निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि संगठन की गरिमा और लोकतांत्रिक परंपरा बनी रहे।