गंगनहर में डूबे युवक का शव बरामद, प्रेमनगर घाट पर दूसरे युवक की तलाश जारी
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में गंगा और गंगनहर में नहाने के दौरान हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। ज्वालापुर क्षेत्र स्थित जटवाड़ा पुल गंगनहर घाट पर शनिवार शाम तेज बहाव में बहकर लापता हुए पौड़ी गढ़वाल निवासी युवक का शव आखिरकार एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की संयुक्त टीम ने मंगलवार को बरामद कर लिया। वहीं, प्रेमनगर आश्रम घाट पर गंगा में डूबे एक अन्य युवक की तलाश अब भी जारी है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने प्रशासन और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
पुलिस के अनुसार धुमाकोट, पौड़ी गढ़वाल निवासी विजेंद्र पोखरियाल अपनी मंगेतर के साथ हरिद्वार घूमने आया था। शनिवार देर शाम दोनों ज्वालापुर क्षेत्र के जटवाड़ा पुल गंगनहर घाट पर पहुंचे। बताया गया कि विजेंद्र नहाने के लिए गंगनहर में उतर गया, जबकि उसकी मंगेतर घाट पर बैठी रही। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक तैरते हुए कुछ दूरी तक चला गया, तभी अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते पानी में समा गया।
फाइल फोटो
मंगेतर के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने युवक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। सूचना पर पहुंची ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने जल पुलिस की मदद से तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। रात होने और तेज बहाव के चलते राहत कार्य में काफी दिक्कतें आईं।
मंगलवार सुबह एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की संयुक्त टीम ने दोबारा व्यापक स्तर पर सर्च अभियान चलाया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद युवक का शव गंगनहर से बरामद कर लिया गया। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
सर्च ऑपरेशन में एनडीआरएफ इंस्पेक्टर तिरेपन सिंह रावत, एसडीआरएफ टीम कमांडर उप निरीक्षक आशीष त्यागी, एएसआई पर्वेंद्र धस्माना, कांस्टेबल प्रकाश मेहता, सागर, गुड्डू कुमार, अमित कुमार, टेक्नीशियन अंकित पाल और अनुज कुमार सहित अन्य जवान शामिल रहे।
इधर, प्रेमनगर आश्रम घाट पर भी रविवार सुबह एक और दर्दनाक हादसा सामने आया। डायल 112 के माध्यम से मिली सूचना के अनुसार, युवक अपने चार-पांच दोस्तों के साथ गंगा में नहा रहा था, तभी अचानक गहरे पानी और तेज बहाव में फंसकर डूब गया।
पुलिस ने युवक की पहचान शान मलिक (19) पुत्र मेहबूब निवासी जियापोता, थाना कनखल के रूप में की है। बताया गया कि शान मलिक मोटरसाइकिल मैकेनिक का काम करता था। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और जल पुलिस की संयुक्त टीम युवक की तलाश में लगातार अभियान चला रही है।
ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि जटवाड़ा पुल गंगनहर में डूबे युवक का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि प्रेमनगर आश्रम घाट पर डूबे युवक की तलाश जारी है। प्रशासन ने लोगों से गंगा और गंगनहर में नहाते समय सतर्कता बरतने और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।






