कलियर में विकास कार्यों को मिली रफ्तार, वार्ड 5 और 9 में सड़क व नाला निर्माण का शुभारंभ
पिरान कलियर। नगर पंचायत कलियर क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए वार्ड संख्या 5 और 9 में आंतरिक सड़कों और नालों के निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया गया। उद्घाटन नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सलीम अहमद ने सभासद प्रतिनिधि जावेद साबरी और राशिद अली के साथ फीता काटकर किया।

इस मौके पर सलीम अहमद ने कहा कि नगर क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जर्जर सड़कों का पुनर्निर्माण भी जल्द शुरू किया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

वहीं सभासद प्रतिनिधि जावेद साबरी ने कहा कि उनके वार्ड में लंबे समय से सड़कों और नालियों की समस्या बनी हुई थी, जिसे अब दूर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वार्डवासियों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और आगे भी विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और उनके प्रस्तावों को स्वीकृति मिलने के बाद अब कार्य जमीनी स्तर पर शुरू हो गए हैं, जिससे लोगों को जल्द राहत मिलेगी।
इस अवसर पर रहीश अहमद, अरशद, ईनाम, इरशाद, अकबर, मुस्तुफा, मौलवी दानिश, जरीफ, आशिक अली, तौकीर, सलीम सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।





