हरिद्वार। कोतवाली पिरान कलियर क्षेत्र में नहर में डूबे युवक का शव चार दिन बाद बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान आदित्य (18 वर्ष) पुत्र रविन्द्र निवासी मानकमजरा, कोतवाली भगवानपुर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 अप्रैल 2026 को मेहवड़ पुल के पास नहर में डूबकर आदित्य लापता हो गया था। घटना के बाद से ही परिजन और पुलिस उसकी तलाश में जुटे हुए थे। काफी खोजबीन के बाद रविवार को युवक का शव आसफनगर झाल, मंगलौर क्षेत्र से बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसकी पहचान की। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया। पिरान कलियर थाने में पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर है।