पीरपुरा प्राथमिक विद्यालय में भावुक माहौल के बीच प्रधानाचार्य मोहम्मद इकराम को दी गई विदाई
मंगलौर/नारसन: ग्राम पीरपुरा स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में उस समय भावुक माहौल बन गया जब विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहम्मद इकराम के सेवानिवृत्त होने पर भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार, ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी।

समारोह के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं को वार्षिक परीक्षाफल के प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए, जिससे कार्यक्रम का माहौल उत्साह और भावनाओं से भर गया।

मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान मोहम्मद इंतजार ने प्रधानाचार्य मोहम्मद इकराम को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि मोहम्मद इकराम का कार्यकाल विद्यालय और गांव के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। उनके प्रयासों से बच्चों के शिक्षा स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, जिसे हमेशा याद रखा जाएगा।

विदाई के दौरान विद्यालय स्टाफ और ग्रामीणों ने उनके सरल स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनका व्यक्तित्व सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
अपने विदाई संबोधन में मोहम्मद इकराम ने भावुक होते हुए कहा कि शिक्षण उनके लिए केवल नौकरी नहीं, बल्कि एक साधना रही है। उन्होंने पीरपुरा के बच्चों को अपने परिवार का हिस्सा मानकर हमेशा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए कार्य किया। उन्होंने ग्राम प्रधान, स्टाफ और ग्रामीणों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि विद्यालय और बच्चों से उनका जुड़ाव हमेशा बना रहेगा।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण रविंद्र कुमार, संजय कुमार, भारत भूषण, सुनीता रानी सहित ग्राम के सम्मानित नागरिक नूरहसन, अफजल, कुर्बान, नदीम अहमद, हिफाजत आदि मौजूद रहे।





