रुड़की की आकाशदीप कॉलोनी में युवक ने लाइसेंसी पिस्टल से खुद को मारी गोली, मचा हड़कंप

रुड़की की आकाशदीप कॉलोनी में युवक ने लाइसेंसी पिस्टल से खुद को मारी गोली, मचा हड़कंप

रुड़की। शहर की आकाशदीप कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारकर जीवन समाप्त कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए।


सूचना मिलते ही मंगलौर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।


प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान राजेश प्रजापति के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से किडनी की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे और इसी कारण मानसिक तनाव में भी चल रहे थे। हालांकि आत्मघाती कदम उठाने के पीछे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की हर एंगल से गहनता से जांच की जा रही है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।
अचानक हुई इस दुखद घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं स्थानीय लोगों में भी शोक और स्तब्धता का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।