क्रॉस एफआईआर मामले में सुराज सेवा दल का प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच की मांग
हरिद्वार । पथरी थाना क्षेत्र में दर्ज क्रॉस एफआईआर को लेकर मंगलवार को सुराज सेवा दल ने रोशनाबाद स्थित एसएसपी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के बैनर तले सैकड़ों कार्यकर्ता धरने पर बैठे और मामले की निष्पक्ष जांच सहित जनहित एवं कानून व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर एसपी देहात को ज्ञापन सौंपा।
सुराज सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी ने कहा कि पथरी थाना क्षेत्र में दर्ज क्रॉस एफआईआर मामले में उपलब्ध वीडियो साक्ष्यों और सामने आए तथ्यों के बावजूद कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि जांच के दौरान यदि किसी अधिकारी अथवा अन्य व्यक्ति की भूमिका संदिग्ध पाई जाती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि निर्दोष लोगों को झूठे मुकदमों में फंसाने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा कानून का समान रूप से पालन होना चाहिए। रमेश जोशी ने कहा कि पुलिस मुख्यालय एवं डीजीपी स्तर से जारी आदेशों का प्रदेशभर में एक समान अनुपालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। आदेशों के पालन में भिन्नता से जनता के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न होती है और प्रशासनिक व्यवस्था की विश्वसनीयता प्रभावित होती है।
कानून व्यवस्था में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए सभी मामलों में नियमों का निष्पक्ष एवं समान रूप से पालन आवश्यक है। किसी भी प्रकार का भेदभाव या अपवाद व्यवस्था की निष्पक्षता पर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।
संगठन ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उठाए गए मुद्दों पर शीघ्र, पारदर्शी और न्यायपूर्ण कार्रवाई नहीं की गई तो सुराज सेवा दल प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन के दौरान अजय मौर्य, देवेंद्र बिष्ट, देवेंद्र पाल सिंह, सुमित अग्रवाल, विजेंद्र, नवीन, इंतजार, नौसाद, अलीम, सुंदर, अंकित, गजेन्द्र, नितिन कटारिया, नफीस, दिनेश, सतवीर, दीपक राणा, लालमणि भारद्वाज, सागर वर्मा, अमित अग्रवाल, राजेश, सुशील, शेखर, खलील, राहुल, मेहरबान, इरफान, राजा, औरंगजेब, परवीन अग्रवाल, कावेरी जोशी, पूजा बिष्ट, पूजा नेगी, रीमा शर्मा, वसीला, नेहा, संगीता, लक्ष्मी और सुनीता तोमर सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।






