छुट्टी पर घर आए फौजी जवान की दर्दनाक मौत, पालतू कुत्ते संग ट्रेन की चपेट में आए
रुड़की। शुक्रवार सुबह रुड़की के ढंडेरा क्षेत्र में एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। सेना में तैनात जवान देवेंद्र कुमार की अपने पालतू कुत्ते के साथ ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार शिवाजी कॉलोनी, ढंडेरा निवासी देवेंद्र कुमार भारतीय सेना में कार्यरत थे और वर्तमान में झांसी में तैनात थे। वह 28 अप्रैल को छुट्टी लेकर अपने घर रुड़की आए हुए थे। शुक्रवार सुबह वह रोजाना की तरह अपने पालतू कुत्ते को घुमाने के लिए घर से निकले थे। बताया जा रहा है कि बुचड़ी फाटक के पास अचानक हरिहर एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से देवेंद्र कुमार और उनका पालतू कुत्ता दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे की खबर सुनते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। जवान की असमय मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
जिस जवान ने कुछ दिन पहले ही अपने परिवार के साथ समय बिताने के लिए छुट्टी ली थी, उसकी इस तरह दर्दनाक मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। इलाके के लोगों ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की।






