रुड़की: थाना बहादराबाद क्षेत्र के रुहालकी गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा लखनता चौराहे के पास हुआ, जहां सामने से आ रहे ट्रैक्टर से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। शादी समारोह से लौट रहे थे दोनों युवक मृतकों की पहचान शुभम (18 वर्ष) पुत्र राधेश्याम और मोनू (19 वर्ष) पुत्र सुभाष के रूप में हुई है। दोनों युवक आपस में ममेरे-फुफेरे भाई थे और देवबंद फतेहपुर में एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस अपने गांव लौट रहे थे। टक्कर इतनी भीषण, मौके पर ही तोड़ा दम प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक और ट्रैक्टर की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजे घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की सिविल अस्पताल की मोर्चरी भिजवा दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। गांव में पसरा मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल जैसे ही इस दर्दनाक हादसे की खबर परिजनों और गांववालों को मिली, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। जो घर खुशी से भरा हुआ था, वहां अचानक मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में गमगीन माहौल बना हुआ है। सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और लापरवाही पर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की है, ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।