देहरादून। सुराज सेवा दल के प्रदेश मीडिया प्रभारी विपिन पपौला के विवाह समारोह में राजनीति और समाज सेवा से जुड़े कई प्रमुख चेहरों की मौजूदगी देखने को मिली। इस खास मौके पर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी, वरिष्ठ नेता इंतजार प्रधान समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। समारोह में खुशी का माहौल उस समय और भी खास बन गया, जब प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी खुद को रोक नहीं पाए और कार्यकर्ताओं के साथ जमकर ठुमके लगाए। उनके इस अंदाज ने पूरे आयोजन में उत्साह और जोश भर दिया। रमेश जोशी ने नवदंपति को आशीर्वाद देते हुए कहा कि संगठन का हर कार्यकर्ता उनके परिवार का हिस्सा है और उनके सुख-दुख में शामिल होना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने विपिन पपौला के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए इस अवसर को अपने लिए सौभाग्य बताया। वहीं, वरिष्ठ नेता इंतजार प्रधान ने भी नवदंपति को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विपिन पपौला संगठन के एक कर्मठ और समर्पित साथी हैं। उनके विवाह में सभी कार्यकर्ताओं का एक साथ जुटना संगठन की एकजुटता को दर्शाता है। समारोह में अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भी बड़ी संख्या में उपस्थिति रही, और देर रात तक जश्न का माहौल बना रहा।