हरिद्वार। भगवान परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर खानपुर विधानसभा क्षेत्र के दाबकी कला गांव में श्रद्धा, उत्साह और भव्यता का अनूठा संगम देखने को मिला। इस खास मौके पर निर्दलीय विधायक उमेश कुमार शर्मा ने अपने निजी खर्च से भगवान परशुराम मंदिर की स्थापना कर क्षेत्रवासियों को एक बड़ी सौगात दी। कार्यक्रम की शुरुआत भव्य रोड शो से हुई, जिसमें सजी-धजी आकर्षक झांकियों ने लोगों का ध्यान खींचा। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा और “जय परशुराम” के नारों से वातावरण गूंज उठा। इस आयोजन में ब्राह्मण समाज सहित विभिन्न समुदायों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। मंदिर स्थापना के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में अनुशासन और व्यवस्था भी देखने लायक रही। इस दौरान क्षेत्रीय लोगों ने विधायक उमेश कुमार शर्मा के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा इस प्रकार के धार्मिक व सामाजिक कार्य न केवल आस्था को मजबूत करते हैं, बल्कि समाज में एकता और विकास की भावना को भी बढ़ावा देते हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि इसी तरह जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्रों में जनहित और सांस्कृतिक कार्यों को प्राथमिकता दें, तो विकास की नई दिशा तय की जा सकती है।