सड़क हादसे में फैक्ट्री कर्मी की दर्दनाक मौत, मुआवजे और गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, (देखें वीडियो)..

हरिद्वार। पथरी थाना क्षेत्र के एक्कड़ कलां डंपिंग जोन के पास गुरुवार देर रात सड़क हादसे में फैक्ट्री से ड्यूटी कर घर लौट रहे एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने चौराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया और प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया।

जानकारी के अनुसार सिडकुल रोशनाबाद स्थित एक फैक्ट्री से ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे सोनू (40) पुत्र नेकीराम को देर रात करीब एक बजे अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।

हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और मृतक के परिजनों ने एक्कड़ कलां चौराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन ठोस कदम नहीं उठा रहा है।

मौके पर अनुपमा रावत के साथ भारतीय जनता पार्टी के जिला पंचायत सदस्य अरविंद कुमार और बहुजन समाज पार्टी के जिला पंचायत सदस्य जयंत चौहान भी पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

ग्रामीणों ने अज्ञात वाहन चालक की शीघ्र गिरफ्तारी और मृतक के परिवार को सरकारी मुआवजा देने की मांग की। पुलिस प्रशासन ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन और चालक की पहचान कर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम समाप्त कराया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।