अचानक बंद हुए WhatsApp अकाउंट, यूज़र्स में मची अफरा-तफरी
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
नई दिल्ली। सोमवार को WhatsApp ने भारत सहित कई देशों में बड़ी संख्या में यूज़र्स के अकाउंट्स को 24 घंटे तक के लिए रिव्यू (Review) में डाल दिया। इस दौरान प्रभावित यूज़र्स ऐप की कई सुविधाओं का इस्तेमाल नहीं कर सके। बिना किसी पूर्व सूचना के अकाउंट्स का एक्सेस सीमित होने से यूज़र्स में नाराज़गी देखने को मिली और सोशल मीडिया पर कई लोगों ने अपनी शिकायतें साझा कीं।

WhatsApp ने क्या कहा?
WhatsApp के एक प्रवक्ता ने बताया कि कंपनी अपने प्लेटफ़ॉर्म का दुरुपयोग रोकने के लिए लगातार कार्रवाई करती रहती है। जो अकाउंट्स कंपनी की नीतियों का उल्लंघन करते हैं या जिन पर उल्लंघन की आशंका होती है, उन्हें सुरक्षा जांच के तहत रिव्यू में रखा जाता है।
प्रवक्ता ने कहा कि, "हम लगातार उन लोगों से आगे रहने की कोशिश करते हैं जो हमारी सेवा का गलत इस्तेमाल करना चाहते हैं। अन्य यूज़र्स की सुरक्षा के लिए हम ऐसे अकाउंट्स पर कार्रवाई करते हैं। हालांकि, कभी-कभी हमसे भी गलती हो जाती है। यदि ऐसा होता है, तो हम उसे जल्द से जल्द ठीक करने का प्रयास करते हैं ताकि यूज़र्स दोबारा अपनी चैटिंग जारी रख सकें।"

रात करीब 8 बजे शुरू हुई समस्या
भारतीय समयानुसार सोमवार रात करीब 8 बजे कई यूज़र्स ने बताया कि उनके WhatsApp अकाउंट्स को अचानक रिव्यू के लिए चिन्हित कर दिया गया। ऐप पर दिखाई दे रहे संदेश में कहा गया कि सेवा की शर्तों के अनुपालन की पुष्टि करने के लिए अकाउंट की गतिविधियों और डिवाइस से जुड़ी जानकारी की समीक्षा की जा रही है। कंपनी के अनुसार, इस प्रक्रिया का परिणाम सामान्यतः 24 घंटे के भीतर उपलब्ध करा दिया जाता है। रिव्यू स्क्रीन पर यूज़र्स को WhatsApp के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग से जुड़ी जानकारी भी दी गई। साथ ही चोरी हुए मोबाइल फ़ोन और कॉम्प्रोमाइज़्ड अकाउंट्स से बचाव के लिए सुरक्षा संबंधी सुझाव भी साझा किए गए।

सोशल मीडिया पर फूटा यूज़र्स का गुस्सा
अचानक लगे प्रतिबंधों के बाद कई यूज़र्स ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म X सहित अन्य माध्यमों पर नाराज़गी जताई। कुछ यूज़र्स का कहना था कि उन्होंने अपील करने के बावजूद बिना किसी स्पष्ट कारण के उनका अकाउंट डिसेबल कर दिया गया। एक अन्य यूज़र ने दावा किया कि वह केवल आधिकारिक WhatsApp ऐप का इस्तेमाल कर रहा था, फिर भी उसका अकाउंट बिना किसी चेतावनी के सस्पेंड कर दिया गया। उसने कहा कि WhatsApp उसके कामकाज का महत्वपूर्ण माध्यम है और इस कार्रवाई से उसे काफी परेशानी हुई।
24 घंटे में मिल सकता है फैसला
WhatsApp के अनुसार, जिन अकाउंट्स को रिव्यू में डाला गया है, उनकी जांच पूरी होने के बाद सामान्यतः 24 घंटे के भीतर निर्णय लिया जाता है। यदि किसी अकाउंट पर गलती से कार्रवाई हुई होगी, तो उसे दोबारा सक्रिय कर दिया जाएगा।

फिलहाल कंपनी ने यूज़र्स से धैर्य बनाए रखने और केवल आधिकारिक WhatsApp ऐप का उपयोग करने की सलाह दी है।