सड़क पर गाड़ी हटाने को लेकर विवाद, मारपीट और पिस्टल प्रदर्शन; तीन गिरफ्तार (देखे वीडियो)
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र में सड़क पर खड़ी गाड़ी हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट, डंडे और पिस्टल के प्रदर्शन तक पहुंच गया। कंट्रोल रूम को फायरिंग की सूचना मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची प्रेमनगर पुलिस ने जब आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली तो फायरिंग की बात गलत निकली। हालांकि, फुटेज में दो पक्षों के बीच मारपीट और एक युवक के हाथ में डंडा तथा दूसरे के हाथ में पिस्टल दिखाई दी।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में दिखाई गई लाइसेंसी .32 बोर पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

हाई बीम लाइट और गाड़ी हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि झाझरा निवासी गौरव एक निजी शिक्षण संस्थान की बस चलाता है। रात के समय वह अपने वाहन से मांडूवाला जा रहा था। नेक्स्ट हॉस्टल के पास सड़क पर एक फॉर्च्यूनर वाहन हाई बीम लाइट के साथ खड़ा था। हॉर्न देने के बावजूद वाहन नहीं हटाने पर गौरव और फॉर्च्यूनर सवार युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

विवाद बढ़ने पर गौरव ने बस से डंडा निकालकर फॉर्च्यूनर चालक पर वार कर दिया। इसके बाद फॉर्च्यूनर चालक का साथी भी मौके पर पहुंच गया। आरोप है कि दोनों युवकों ने पिस्टल दिखाकर गौरव को धमकाया और उसके साथ गाली-गलौच व मारपीट की।

CCTV से खुला मामला, अस्पताल से पकड़े गए दोनों युवक
प्रेमनगर इंस्पेक्टर नरेश राठौड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने CCTV फुटेज और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू की। पूछताछ में गौरव ने फॉर्च्यूनर सवार युवकों की पहचान नीरज राजपूत और मनीष नेगी के रूप में की।
पुलिस को जानकारी मिली कि दोनों उपचार के लिए ग्राफिक एरा अस्पताल पहुंचे हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने अस्पताल परिसर से दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से लाइसेंसी .32 बोर पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए।

फायरिंग नहीं हुई, लेकिन पिस्टल लहराने पर पुलिस सख्त
पुलिस जांच में स्पष्ट हुआ कि घटनास्थल पर फायरिंग नहीं हुई थी। हालांकि, सार्वजनिक स्थान पर पिस्टल का प्रदर्शन, मारपीट और हुड़दंग कर लोगों में भय का माहौल पैदा करने को पुलिस ने गंभीरता से लिया है।
तीनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली प्रेमनगर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना में इस्तेमाल लाइसेंसी पिस्टल के लाइसेंस के निरस्तीकरण की रिपोर्ट भी जिलाधिकारी को भेजी गई है।

एसएसपी के निर्देश पर लगातार जारी है कार्रवाई
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, दबंगई और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ दून पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।
इंस्पेक्टर नरेश राठौड़ ने कहा कि सार्वजनिक स्थान पर कानून व्यवस्था बिगाड़ने, मारपीट करने और लाइसेंसी हथियार का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी
गौरव पुत्र ललित सिंह, निवासी चंदन की पुलिया, वार्ड नंबर 9, कोतवाली प्रेमनगर, देहरादून, उम्र 30 वर्ष।
मनीष नेगी पुत्र पीतांबर सिंह, निवासी मांडूवाला, कोतवाली प्रेमनगर, देहरादून, उम्र 31 वर्ष।
नीरज राजपूत पुत्र महावीर सिंह, निवासी भाऊवाला, थाना सेलाकुई, उम्र 40 वर्ष।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
एसएसआई मुकेश थलेड़ी, कोतवाली प्रेमनगर; अमित शर्मा, चौकी प्रभारी झाझरा; जैनेन्द्र राणा, चौकी प्रभारी बिधौली; उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार; उपनिरीक्षक नौशाद अंसारी; कांस्टेबल संदीप, कांस्टेबल अनीस, कांस्टेबल संजय और कांस्टेबल जगजोत।