रुड़की में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, एक बदमाश घायल; दो फरार
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
हरिद्वार। ढंडेरा में ठेके कारोबारी 26 वर्षीय अमन की हत्या के मामले में रुड़की पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। रविवार तड़के नगला इमरती क्षेत्र में पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग के जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया।
वहीं, दो बदमाश मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें कांबिंग कर रही हैं।मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
घायल बदमाश को उपचार के लिए रुड़की चिकित्सालय भेजा गया है।
जानकारी के मुताबिक, एक दिन पूर्व ढंडेरा क्षेत्र में अज्ञात हमलावरों ने 26 वर्षीय अमन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर उसकी हत्या कर दी थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की थीं।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बाइक पर सवार तीन संदिग्ध नगला इमरती क्षेत्र में मौजूद हैं। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।
अधीक्षक ग्रामीण शेखर चंद सुयाल ने बताया कि मुठभेड़ में घायल बदमाश की पहचान सौरभ पुत्र देशराज, निवासी ढंडेरा के रूप में हुई है। पूछताछ में सौरभ ने पुलिस को बताया कि ढंडेरा में हुई अमन की हत्या में वह और उसके दो साथी शामिल थे। पुलिस के मुताबिक, फरार दोनों आरोपियों की तलाश में आसपास के क्षेत्र में कांबिंग की जा रही है। पुलिस टीमों द्वारा आरोपियों से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई और पूछताछ जारी है।