कोतवाली में सिपाही पर युवक का हमला, अंगूठे में गड़ा दिए दांत; मचा हड़कंप
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
रुड़की। गंगनहर कोतवाली में बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब झगड़े के मामले में अपनी मां के साथ पहुंचे एक युवक ने समझाने का प्रयास कर रहे सिपाही प्रभाकर के हाथ के अंगूठे में दांत गड़ा दिए। युवक के काटने से सिपाही के अंगूठे से खून निकलने लगा। साथी पुलिसकर्मियों ने किसी तरह युवक को काबू कर सिपाही को बचाया।

मां के साथ कोतवाली पहुंचा था युवक
रुड़की जेल के पास रहने वाला युवक अपनी मां के साथ झगड़े के मामले में गंगनहर कोतवाली पहुंचा था। बातचीत के दौरान युवक अचानक हंगामा करने लगा। पुलिसकर्मियों ने उसे शांत कराने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना।

समझाने पहुंचे सिपाही से ही भिड़ गया
इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात सिपाही प्रभाकर ने युवक को समझाने का प्रयास किया। आरोप है कि युवक सिपाही से उलझ गया और उसका हाथ पकड़ लिया। देखते ही देखते युवक ने सिपाही के अंगूठे में दांत गड़ा दिए।
अंगूठे से खून निकलते ही मचा हड़कंप
युवक के काटने से सिपाही घायल हो गया और उसके अंगूठे से खून निकलने लगा। घटना को देखते ही अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और युवक को सिपाही से अलग किया।

अस्पताल में कराया गया उपचार
घायल सिपाही को तत्काल सिविल अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी। पुलिस के अनुसार युवक के मानसिक रूप से परेशान होने की बात सामने आई है। मामले में उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।