देहरादून में चोरी का खुलासा: जल्द अमीर बनने की चाह में तीन शातिर महिलाएं गिरफ्तार
अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻
देहरादून: राजधानी देहरादून में चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए कोतवाली नगर पुलिस ने तीन शातिर महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी का शत-प्रतिशत सामान भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तार महिलाओं में दो आरोपी पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुकी हैं।

एसएसपी के निर्देश पर बनी थी विशेष टीम
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर घटना के खुलासे के लिए एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। साथ ही, पुराने अपराधियों का सत्यापन भी किया गया।
दरवाजा तोड़कर की थी चोरी
18 जून को राजपुर रोड निवासी रविकांत पांडे ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने उनके घर का दरवाजा तोड़कर चांदी के सामान पर हाथ साफ कर दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

चेकिंग के दौरान हुई गिरफ्तारी
लगातार चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान यूनिवर्सल पेट्रोल पंप के पास मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उनके पास से करीब 60 हजार रुपये मूल्य का चोरी का सामान बरामद हुआ।
पूछताछ में हुआ खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपित महिलाओं ने बताया कि वे कूड़ा बीनने का काम करती हैं और जल्दी पैसा कमाने के लालच में उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। जांच में यह भी सामने आया कि गुड़िया और रीता देवी पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुकी हैं।
गिरफ्तार आरोपी:
सोनिया देवी (29 वर्ष), निवासी खुड़बुड़ा मोहल्ला, देहरादून
गुड़िया (20 वर्ष), निवासी खुड़बुड़ा मोहल्ला, देहरादून
रीता देवी (29 वर्ष), निवासी खुड़बुड़ा मोहल्ला, देहरादून
पुलिस टीम:
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक विनयता चौहान, उपनिरीक्षक ज्योति कन्याल, हेड कांस्टेबल हर्षवर्धन, कांस्टेबल धीरेन्द्र पतियाल, महिला कांस्टेबल गंगोत्री, महिला कांस्टेबल बिजली, कांस्टेबल नरेंद्र, कांस्टेबल लोकेन्द्र और कांस्टेबल सोनी शामिल रहे।