logo
Breaking News
● आईआईटी रुड़की में दीक्षांत समारोह-2026 का आगाज, 1,277 स्नातकों को मिली डिग्री ● हरिद्वार में निठारी कांड से जुड़े सुरेंद्र कोली की संदिग्ध मौत, चाय की दुकान में फंदे से लटका मिला शव (देखे वीडियो) ● गणपति विसर्जन के दौरान गंगा में बही 16 वर्षीय किशोरी, तलाश में जुटी पुलिस और जल पुलिस ● 2,701 विद्यार्थियों को मिलेंगी डिग्रियां, IIT रुड़की के दीक्षांत समारोह में जुटेंगे देश के दिग्गज ● रेलवे स्टेशन और चलती ट्रेनों में चोरी करने वाले तीन शातिर चोर गिरफ्तार ● अस्पतालों में मरीजों और तीमारदारों की सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश, डीएम ने दिए व्यवस्थाओं में सुधार के आदेश ● ऑपरेशन प्रहार: पटेलनगर पुलिस का अपराध और नशे के खिलाफ बड़ा एक्शन, तीन मामलों में 4 आरोपी गिरफ्तार ● बनभूलपुरा में युवक की गला काटकर हत्या, कमरे में मिला खून से लथपथ शव; साथ रहने वाली महिला लापता ● कलियर में नशे के कारोबार का बड़ा पर्दाफाश! ● उत्तराखंड पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 12 अपर पुलिस अधीक्षकों के तबादले ● बेखौफ बदमाशों का तांडव, बाइक मिस्त्री की गोली मारकर हत्या (देखे वीडियो) ● कलियर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई: शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, चोरी की बाइक बरामद ● पीरपुरा गांव में कीटनाशक दवा का छिड़काव, ग्रामीणों को मच्छरों व कीटों से मिलेगी राहत ● एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर लक्सर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, एक दिन में दो बड़ी सफलताएं ● श्री विश्वकर्मा सभा, भेल ने मनाया भव्य परिवार मिलन एवं सांस्कृतिक समारोह
प्रशासन

रीलबाजों और 'पिल्ला गैंग' पर पुलिस का शिकंजा, 26 पुलिसकर्मी हुए सम्मानित

✍ Javed Ansari 🕒 20 Jun 2026, 05:57 PM
रीलबाजों और 'पिल्ला गैंग' पर पुलिस का शिकंजा, 26 पुलिसकर्मी हुए सम्मानित

अब खबर पढ़ें ही नहीं, सुनें भी — यहां क्लिक करें। 👆🏻

 

हरिद्वार। एक ओर अवैध असलाह के दम पर सोशल मीडिया पर धौंस दिखाने वाले रीलबाजों और गैंग बनाकर उत्पात मचा रहे युवाओं पर नकेल कसने की तैयारी है, तो दूसरी ओर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों का सम्मान भी किया जा रहा है।

शनिवार को पुलिस कार्यालय रोशनाबाद में आयोजित सैनिक सम्मेलन और अपराध गोष्ठी में हरिद्वार पुलिस के दोनों पहलू देखने को मिले। इस दौरान बच्चा चोरी के तीन चर्चित मामलों के सफल खुलासे और सोमवती अमावस्या स्नान को सकुशल संपन्न कराने वाली पुलिस टीमों की सराहना करते हुए 26 पुलिसकर्मियों को "पुलिस मैन ऑफ द मंथ" सम्मान प्रदान किया गया।


एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि कानून हाथ में लेकर दबंगई दिखाने वालों की सर चढ़ती खुमारी अब कानून ही उतारेगा। उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि 20 से 22 वर्ष आयु वर्ग के उन युवाओं पर विशेष निगरानी रखी जाए जो तथाकथित "पिल्ला गैंग" बनाकर उत्पात मचा रहे हैं। साथ ही सोशल मीडिया पर अवैध असलाह के साथ रील बनाकर माहौल खराब करने वाले तत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।


सैनिक सम्मेलन में सुनी गई पुलिसकर्मियों की समस्याएं
पुलिस कार्यालय रोशनाबाद स्थित सभागार में आयोजित सैनिक सम्मेलन में एसएसपी नवनीत सिंह ने मातहतों से अभिभावक की तरह संवाद करते हुए उनकी कुशलक्षेम जानी और समस्याओं की जानकारी ली। उनके स्तर की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।


उत्कृष्ट कार्य करने वाले 26 पुलिसकर्मी हुए सम्मानित
सम्मेलन के समापन पर विभिन्न जटिल अपराधों के अनावरण तथा जनहित से जुड़े कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 26 पुलिसकर्मियों को मई-2026 के "पुलिस मैन ऑफ द मंथ" सम्मान से नवाजा गया।


अपराध गोष्ठी में हुई कानून-व्यवस्था और कांवड़ यात्रा की समीक्षा
इसके बाद पुलिस कार्यालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में एसएसपी नवनीत सिंह की अध्यक्षता में मई माह की अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी अभय सिंह, एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल सहित सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।


बैठक में मई माह के अपराधों, उनके खुलासों, लंबित विवेचनाओं, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, चारधाम यात्रा, पुलिस भवनों के निर्माण कार्य तथा आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की गई। एसएसपी ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा से संबंधित सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूरी की जाएं तथा आवश्यक निर्माण एवं मरम्मत कार्यों के लिए समय रहते पत्राचार किया जाए।


मुख्यालय ने भी की हरिद्वार पुलिस की सराहना
मुख्यालय स्तर पर संचालित अभियानों में हरिद्वार पुलिस के बेहतर प्रदर्शन की सराहना करते हुए एसएसपी ने और अधिक सक्रियता की अपेक्षा जताई। उन्होंने कनखल, पिरान कलियर और सिटी हरिद्वार में सामने आए बच्चा चोरी के तीनों संवेदनशील मामलों में बच्चों की सकुशल बरामदगी को पुलिस टीमों की मेहनत का परिणाम बताया और उनकी प्रशंसा की।


इसके अलावा सोमवती अमावस्या स्नान को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने पर भी पुलिसकर्मियों के प्रयासों की सराहना की गई। एसएसपी ने बताया कि इस उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस मुख्यालय स्तर से भी हरिद्वार पुलिस की प्रशंसा की गई है।
ऑनलाइन शिकायतों, महिला सुरक्षा और चेकिंग अभियान पर विशेष जोर
बैठक में डायल-112 से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने, ऑनलाइन शिकायतों को गंभीरता से लेने, महिला अपराधों में पीड़िताओं से मिलकर सहायता प्रदान करने, सभी फायर स्टेशनों को अलर्ट मोड में रखने, स्कूलों के आसपास चेतक पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने तथा बैंकों एवं सर्राफा बाजारों में नियमित औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही लंबित मुकदमों के शीघ्र निस्तारण, सत्यापन अभियान को लगातार जारी रखने तथा शाम के समय थाना प्रभारियों द्वारा स्वयं फोर्स के साथ क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। सर्किल अधिकारियों को साप्ताहिक समीक्षा कर लापरवाही बरतने वाले विवेचना अधिकारियों को चिन्हित करने को कहा गया।


इन पुलिसकर्मियों को मिला मई-2026 का "पुलिस मैन ऑफ द मंथ" सम्मान
कोतवाली नगर के हेड कांस्टेबल संदीप कपूर, कनखल की महिला कांस्टेबल राजरानी, श्यामपुर के कांस्टेबल अनिल रावत, ज्वालापुर के कांस्टेबल अमित गौड़ एवं राजेश बिष्ट, बहादराबाद के हेड कांस्टेबल राकेश नेगी, रानीपुर के अपर उपनिरीक्षक सुबोध घिल्डियाल, सिड़कुल के कांस्टेबल कुलदीप डिमरी एवं प्रदीप कुमार, गंगनहर के उपनिरीक्षक ब्रह्मदत्त बिजल्वान, झबरेड़ा के वरिष्ठ उपनिरीक्षक सतेन्द्र भण्डारी एवं कांस्टेबल सुरेन्द्र सिंह, भगवानपुर के उपनिरीक्षक नीरज रावत, अपर उपनिरीक्षक प्रदीप चौहान एवं कांस्टेबल संजय पंवार, पथरी के कांस्टेबल दीपक चौधरी, साइबर सेल हरिद्वार के हेड कांस्टेबल नरेन्द्र सिंह नेगी, हाईकोर्ट सेल की महिला कांस्टेबल अंजू, सीपीयू रुड़की के उपनिरीक्षक हरीश अधिकारी, विशम्बर दत्त एवं मुकेश कुमार, फायर स्टेशन मायापुर के लीडिंग फायरमैन जयवीर सिंह, अभिसूचना उप इकाई नगर के हेड कांस्टेबल सतीश बडोला, पुलिस लाइन हरिद्वार की महिला कांस्टेबल सोनम नेगी, 40वीं वाहिनी पीएसी की महिला कांस्टेबल आनंदीश्वरी तथा पुलिस दूरसंचार के हेड कांस्टेबल सार्थक कुमार शामिल हैं।

Comments (0)